इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में पहुंची पीवी सिंधु

0

शनिवार को खेले गए महिला एकल के सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधु ने विश्व के तीसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन यू फेई को शिकस्त दी।



जकार्ता, 20 जुलाई (हि.स.)। भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को खेले गए महिला एकल के सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधु ने विश्व के तीसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन यू फेई को शिकस्त दी।

सिंधु ने 46 मिनट तक चले मुकाबले में चेन को 21-19, 21-10 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले के पहले गेम में सिंधु और चेन के बीच संघर्षपूर्ण मुकाबला रहा। चेन ने शुरुआत में 3-1 की बढ़त ली, लेकिन सिंधु ने इसके बाद 10-10 की बराबरी हासिल की। इसके बाद चेन ने वापसी करते हुए 18-15 की बढ़त हासिल कर ली,लेकिन इसके बाद सिंधु ने वापसी की और पहला गेम 21-19 से अपने नाम किया। इसी तरह का संघर्ष दूसरे गेम में भी देखने को मिला, लेकिन सिंधु ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 21-10 से दूसरा गेम और मैच भी अपने नाम कर लिया।

खिताबी मुकाबले में सिंधु का सामना जापान की अकाने यामागुची से होगा। यामागुची ने एक अन्य सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की ताई जू यिंग को 32 मिनट में 21-9, 21-15 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *