हरियाणा: करनाल की शीतल के कदम कल्पना चावला की डगर पर

0

नासा में शुरू होने वाले यूनाइटेड स्पेस स्कूल-2019 के लिए चयन



करनाल, 20 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के करनाल की शीतल चौधरी (16) के कदम पहली भारतीय महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की डगर पर बढ़ रहे हैं। शीतल करनाल के वार्ड-8 में सेक्टर-6 स्थित टैगोर बाल निकेतन स्कूल में प्लस वन (नान मेडिकल) में पढ़ती हैं। कल्पना की प्रारंभिक शिक्षा भी इसी स्कूल से हुई है। शीतल चौधरी का चयन नासा (अमेरिका) में होने वाले ‘यूनाइटेड स्पेस स्कूल-2019’ के लिए हुआ है। शीतल चौधरी के चयन की खुशी के उपलक्ष्य में टैगोर बाल निकेतन स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल ने शीतल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेक्टर 6 की पार्षद मेघा भंडारी ने शीतल चौधरी का मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा, समाज के लिए यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में परचम फहरा रही हैं। उन्होंने उम्मीद है कि शीतल भी अंतरिक्ष परी कल्पना चावला की तरह भारत का नाम रोशन करेगी।
इस मौके पर स्कूल निदेशक रविन्द्र मोहन रहेजा, प्रधानाचार्य राजन लम्बा आदि ने शीतल को आशीर्वाद दिया। उल्लेखनीय है कि कल्पना चावला अंतरिक्ष शटल मिशन विशेषज्ञ थीं। अंतरिक्ष में जाने वालीं वह प्रथम भारतीय महिला थीं। वे कोलंबिया अंतरिक्ष यान आपदा में मारे गए सात यात्री दल सदस्यों में से एक थीं। यह आपदा 1 फरवरी 2003 को हुई थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *