प्रियंका की गिरफ्तारी को राहुल ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया

0

राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में प्रियंका की अवैध गिरफ्तारी खेदजनक है।



नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की उत्तर प्रदेश में गिरफ्तारी की आचोलना करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार मनमानी पर उतर आई है और सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।

राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में प्रियंका की अवैध गिरफ्तारी खेदजनक है। सोनभद्र में अपनी जमीन खाली करने से मना करने वाले किसानों की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। पीड़ित परिजनों से मिलने जाते समय प्रियंका गांधी को गिरफ्तार करना सत्ता की शक्ति का दुरुपयोग है।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी से साबित होता है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में असुरक्षा बढ़ रही है। राहुल के अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी एक विज्ञप्ति जारी कर प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर राज्य सरकार की आलोचना करते हुए उन्हें अविलंब रिहा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि  भाजपा सरकार आम जनता से गलत ढ़ंग से पेश आ रही है।

उल्लेखनीय है कि सोनभद्र में  बीती 17 जुलाई को ग्राम प्रधान ने जमीनी विवाद में गोली चलाई थी। इस घटना में 10 किसान मारे गए और 28 घायल हो गए हैं। शुक्रवार को प्रियंका गांधी पीड़ित परिजनों से मिलने जा रही थीं, किंतु उनको रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *