सोनभद्र जा रही प्रियंका को प्रशासन ने मिर्जापुर में रोका

0

इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा सोनभद्र कांड में घायलों का हालचाल लेने के लिए वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंची थी।



वाराणसी, 19 जुलाई (हि.स.)। सोनभद्र नरसंहार में मारे गये ग्रामीणों के परिजनों से शुक्रवार को मिलने जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को मिर्जापुर के नारायनपुर पुलिस चौकी के पास रोक लिया गया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के विरोध धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया। ऐतिहातन तौर पर मिर्जापुर जिला प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है।
इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा सोनभद्र कांड में घायलों का हालचाल लेने के लिए वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंची थी। एक-एक करके वह घायलों से मिली और उनके परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद प्रियंका का काफिला सोनभद्र के घोरावल के लिए निकल पड़ा। वह मिर्जापुर के नारायणपुर पहुंची थी कि जिला प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। इसके विरोध में प्रियंका गांधी वाड्रा समर्थकों के साथ सड़क पर ही धरने पर बैठ गई।
उन्होंने अधिकारियों से उन्हें रोकने की वजह पूछी और इसके लिए आर्डर दिखाने को कहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला दिया। प्रियंका ने कहा कि इसके लिए उन्हें यहां किस आधार पर रोका गया है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ पीड़ित परिवारों से मिलना चाहती हैं। किसी तरह का कानून नहीं तोड़ा है फिर किस आधार पर रोका गया, इसे बताया जाए। उन्होंने मीडिया से कि अधिकारियों से यहां तक कह दिया था कि उनके साथ केवल चार लोग ही जाएंगे। इसके बाद भी इजाजत नहीं दी गई। इसलिए हम लोग यहां पर शांतिपूर्वक बैठे हैं।
बिगड़ते माहौल को देखते हुए प्रशासन ने ऐतिहातन तौर पर धारा 144 लगा दी है। कानून व्‍यवस्‍था का हवाला देते हुए उपजिलाधिकारी चुनार की गाड़ी पर लेकर प्रियंका गांधी को धरना स्‍थल से हटाया गया। इसके बाद उन्हें चुनार किला स्थित डाक बंगले में भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि  प्रियंका गाधी ने सोनभ्रद जाने की इजाजत नहीं ली थी। जिलाधिकारी के आदेश पर उन्हें वहां जाने से रोका गया। उधर प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के आरोपों का पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने खंडन किया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को हिरासत में नहीं लिया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *