बेकरी शॉप पर बदमाशों का धावा, व्यापारी से लूट.
मेरठ, 15 जुलाई (हि.स.)। पुलिस के बदमाशों के खिलाफ चल रहे अभियान से भी उनके हौसले पस्त नहीं हुए हैं। रविवार देर रात बदमाशों ने बेगमबाग में एक बेकरी शॉप पर धावा बोलकर लूट को अंजाम दिया। इसी तरह से लोहा व्यापारी पर हमला करके 40 हजार रुपये लूट लिए। इन वारदातों से पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।
मेरठ जोन में बदमाशों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसके बाद भी बदमाश आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के बेगमबाग में तिलक रोड पर संजय सिंघल की मेरठ नमकीन भंडार नाम की दुकान है। रविवार देर रात वह अपनी दुकान का शटर गिराने की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर संजय सिंघल को बंधक बना लिया और गल्ले में रखे रुपये लूट लिये। इसी बीच संजय ने लोहे की रॉड उठाकर बदमाशों पर तानी तो उन्होंने फायरिंग कर दी। फायरिंग सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश पैदल ही भाग निकले। सूचना पर एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू की।
दूसरी घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की समर गार्डन कॉलोनी में हुई। कॉलोनी निवसी आस मोहम्मद लोहा व्यापारी है। रविवार देर रात वह अपनी दुकान पर था। इसी बीच आबिद दुकान पर पहुंचा और अपना लोहे के गेट के बारे में जानकारी की। गेट तैयार नहीं मिलने पर उसका आसमोहम्मद से विवाद हो गया। व्यापारी ने आरोप लगाया कि आबिद ने लोहे के औजार से उसके सिर पर हमला किया और उसका साथी सोनू 40 हजार रुपये लूटकर भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और आबिद को हिरासत में ले लिया। एसपी सिटी का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
