सोलन हादसा: छह सैनिकों सहित सात की मौत, सीएम ने दिए जांच के आदेश

0

17 जवानों समेत 28 लोगों का रेस्क्यू



शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। सोलन जिले के कुमारहट्टी में रविवार को रेस्तरां की चार मंजिला इमारत के धराशायी हो गई। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
मृतकों में छह सेना के जवान शामिल हैं। ये सभी सोलन के डगशाई स्थित असम राइफल रेजेमेंट में तैनात थे। रेस्तरां मालिक की पत्नी अर्चना की भी हादसे में मौत हो गई। राहत व बचाव कार्य जारी है।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि बचाव दलों ने अब तक छह सैनिकों और एक महिला के शव बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि एनडीआरफ़, सेना व स्थानीय प्रशासन द्वारा रात भर चलाए गए बचाव अभियान में सेना के 17 जवानों समेत 28 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। सात जवान अब भी मलबे में दबे हैं। जिनको निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों को एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर और धर्मपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा रविवार शाम चार बजे के करीब कुमारहट्टी-नाहन हाईवे पर हुआ। यहां हाईवे के किनारे चार मंजिला इमारत है। इसकी ऊपरी मंजिल पर रेस्तरां और निचली मंजिलों में गेस्ट हाऊस और रेस्तरां मालिक का परिवार रहता था। यह इमारत वर्ष 2012 में बनी थी। घटना के वक्त रेस्तरां में असम राइफल रेजेमेंट के 30 जवान खाना खाने रुके थे। इसी बीच पूरी इमारत अचानक धाराशायी हो गई। बताया जाता है कि इमारत की नींव कमजोर थी। हादसे का कारण बारिश के कारण इमारत के नीचे भूस्खलन होना बताया जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *