बी.एल. संतोष बने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन

0

भाजपा की ओर से जारी एक बयान में बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई है। बी.एल. संतोष संयुक्त महासचिव (संगठन) का दायित्व निभा रहे थे। अब वह राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) की भूमिका का निर्वहन करेंगे।



नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बी.एल. संतोष को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है। वह पूर्व महासचिव (संगठन) रामलाल की जगह लेंगे।

भाजपा की ओर से जारी एक बयान में बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई है। बी.एल. संतोष संयुक्त महासचिव (संगठन) का दायित्व निभा रहे थे। अब वह राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) की भूमिका का निर्वहन करेंगे।

कर्नाटक के मूल निवासी बी.एल. संतोष कर्नाटक भाजपा में महासचिव (संगठन) के पद पर 2006 से 2014 तक कार्य कर चुके हैं। तत्पश्चात उन्हें केंद्रीय भाजपा में संयुक्त महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया।

संतोष ने  इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नालॉजी से स्नातक की पढ़ाई की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ जुड़ने के बाद वह पहली बार जून 1993 में प्रचारक बने। उसके बाद मैसूर शहर में मंडल प्रचारक, मैसूर में जिला प्रचारक, शिमोगा में जिला प्रचारक रहे। तत्पश्चात बेंगलुरु में सह विभाग प्रचारक और उसके बाद शिमोगा में विभाग प्रचारक नियुक्त किए गए।

संतोष कन्नड़, अंग्रेजी, हिन्दी, तमिल और तुलू भाषा में सहज ढ़ंग से संवाद कर सकते हैं। जबकि कन्नड़, अंग्रेजी और हिन्दी में लिख- पढ़ सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव  (संगठन) रामलाल को बीते शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में राष्ट्रीय सह संपर्क प्रमुख का दायित्व दिया गया है। उसके बाद भाजपा में यह पद रिक्त हो गया। जिसके कारण भाजपा अध्यक्ष ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव संगठन नियुक्त किया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *