मॉब लिंचिंग के पीछे कांग्रेस और विपक्षी दलों का हाथ: मौलाना सुहैब कासिमी

0

मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं की अगर उच्च स्तरीय जांच की जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। मॉब लिंचिंग की घटनाओं की सीबीआई जांच के सवाल पर मौलाना ने कहा कि सीबीआई क्या, इससे भी अगर कोई ऊंची जांच एजेंसी हो तो उससे जांच करवायी जाए।



गुवाहाटी, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्र में दूसरी बार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने और भाजपा का देश के अन्य राज्यों में परचम लहराने से कांग्रेस सहित विरोधी दल परेशान हैं। विभिन्न राज्यों में मुसलमानों को मॉब लिंचिंग के नाम पर मारे जाने और प्रताड़ित करने के पीछे कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों का हाथ है। ये बातें जमाते उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सुहैब कासिमी ने शुक्रवार को गुवाहाटी प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं की अगर उच्च स्तरीय जांच की जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। मॉब लिंचिंग की घटनाओं की सीबीआई जांच के सवाल पर मौलाना ने कहा कि सीबीआई क्या, इससे भी अगर कोई ऊंची जांच एजेंसी हो तो उससे जांच करवायी जाए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं के पीछे सीधे तौर पर कांग्रेस पार्टी का हाथ है। मौलाना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को बदनाम करना चाहती है। इस वजह से मुसलमानों को देश में मॉब लिंचिंग के नाम पर डराया जा रहा है। नागरिकता संशोधन विधेयक पर उन्होंने कहा कि जमाते उलेमा-ए-हिंद यह चाहता है कि कोई भी भारतीय नागरिक का नाम न छूटे। हम नागरिक संशोधन विधेयक का समर्थन करते हैं। विदेशियों को भारत छोड़कर जाना ही होगा, लेकिन असम में रह रहे बांग्लादेशी हिंदू और अन्य देश से प्रताड़ित होकर आए हिंदुओं को सरकार भारत में जगह दे।
मौलाना ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार और आरएसएस के सहयोग से देश आगे बढ़ रहा है। मुस्लिम देश भी भारत को अब सलाम करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि एआईयूडीएफ सुप्रीमो मौलाना बदरुद्दीन अजमल और कांग्रेस के नेता रकीबुल हुसैन का दिन बुरा चल रहा है। जल्द ही भ्रष्टाचारी नेता जेल के पीछे होंगे। मौलाना ने कहा कि धार्मिक आधार पर असम को भी अशांत करने की कोशिश जा रही है, लेकिन जमाते उलमा-ए-हिंद कभी भी हिंदू-मुस्लिम के बीच लड़ाई नहीं होने देगा। कांग्रेस हिंदू-मुस्लिम को आपस में लड़ाना चाहती है।
मौलाना ने कहा कि नरसिम्हा राव की सरकार से लेकर मनमोहन की सरकार तक मुस्लिमों को सताया गया। सैकड़ों मुस्लिम दंगों में मारे गए। हजारों मुसलमान बेघर हो गए। मुसलमानों के खिलाफ अगर कोई पार्टी है तो वह कांग्रेस है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार में मुसलमानों के हित में अच्छा काम हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों को जमकर लताड़ा। इस मौके पर अन्य कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *