उप्र में जारी रहेगा बारिश का दौर, कुछ स्थानों में बाढ़ की सम्भावना

0

राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह की शुरूआत रिमझिम बारिश से हुई। बादल छाये रहने की वजह से सूरज उनके पीछे से छिपा रहा और बच्चे रेनकोट और छातों के साथ स्कूल पहुंचे।



लखनऊ, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में देर से दस्तक देने के बाद मानसून अब अपना असर दिखा रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की वजह से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है वहीं लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। सूखे से जूझने वाले बुन्देलखण्ड में भी बादल मेहरबान हैं।
आषाढ़ में ही सावन जैसी स्थिति होने के कारण मौसम सुहाना हो गया है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह की शुरूआत रिमझिम बारिश से हुई। बादल छाये रहने की वजह से सूरज उनके पीछे से छिपा रहा और बच्चे रेनकोट और छातों के साथ स्कूल पहुंचे। इससे पहले मंगलवार को भी पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश ने लोगों को खुशनुमा मौसम का एहसास कराया और तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि मानसून के प्रभावी होने की वजह से बादल इसी तरह डेरा जमाये रहेंगे। धूप और बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने की वजह से अगले अड़तालीस घंटों में इसी तरह का मौसम रहेगा। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की सम्भावना अभी भी बनी हुई है। वहीं राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बादल बरसते रहेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार के इलाकों पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे प्रदेश पर नया और मजबूत मॉनसून सक्रिय हुआ है। पूर्वांचल में छाये काले बादलों की वजह भी यही है। निम्न दबाव क्षेत्र तीव्रता में इजाफे के साथ उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढ़कर राज्य के मध्य भागों तक पहुंचने पर प्रदेश के अधिकांश भागों में अच्छी बारिश होने की प्रबल सम्भावना है। पूर्वी और मध्य भाग में बाढ़ की स्थितियां बन रही हैं। प्रदेश के तराई क्षेत्रों में गुरुवार से भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। नदियों के उफान की स्थिति में निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को आगरा का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री, अलीगढ़ का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री, इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री, बहराइच का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।
इसके अलावा बांदा का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री, बरेली का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री, गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री, झांसी का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री, कानपुर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री, लखनऊ का न्यूनतम तापमान  25 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।
वहीं मेरठ का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री, मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री और वाराणसी का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *