वाशिंगटन, 09 जुलाई ( हि.स.)। दो महीने के अंतराल के बाद चीन और अमेरिका इस सप्ताह फिर व्यापार वार्ता शुरू करेंगे। हालांकि दोनों देशों के बीच एक साल से चल रहे कारोबारी जंग के दौरान इनमें मतभेद कम होने के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
विदित हो कि जापान में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन की अतिरिक्त 30 अरब डॉलर मूल्य की वस्तुओं पर कर लगाना टाल दिया जिसके बाद दोनों देश एक बार फिर वार्ता शुरू कर रहे हैं।
हालांकि ट्रंप ने कहा था कि चीन अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद फिर से शुरू करेगा और अमेरिका चीनी टेलीकॅम कंपनी हुवावेई के उपकरणों के निर्यात प्रतिबंधों में ढील देगा।
लेकिन वाशिंगटन में चीनी व्यापार पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों और व्यापार वार्ता से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि ट्रंप–शी शिखर बैठक से शीर्ष वार्ताकारों को स्पष्ट मार्ग नहीं मिला ताकि गतिरोध दूर हो सके। विदित हो कि पिछले मई महीने में दोनों देशों के बीच वार्ता रुक गई थी और अमेरिका ने चीन पर वादा से मुकरने का आरोप लगाया था।
