मुंबई के होटल में हैं कर्नाटक के 11बागी विधायक

0

सभी बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं और इनमें से 11 विधायकों को मुंबई के आलीशान होटल में ठहराया गया है। जेडीएस के विधायक ए. एच. विश्वनाथ ने बताया कि कांग्रेस और जेडीएस के 14 विधायक उनके साथ हैं। 



मुंबई, 07 जुलाई (हिं.स.)। लोकसभा चुनाव में बुरी तरह से पराजित होने के बाद कांग्रेस को अब पार्टी की राज्य सरकारों को बचाने की जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस सरकार को बचाने का संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस के 13 बागी विधायकों ने अब तक इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा जेडीएस के तीन विधायकों ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है। सभी बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं और इनमें से 11 विधायकों को मुंबई के आलीशान होटल में ठहराया गया है। जेडीएस के विधायक ए. एच. विश्वनाथ ने बताया कि कांग्रेस और जेडीएस के 14 विधायक उनके साथ हैं।
कर्नाटक में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन सरकार है। 224 विधानसभा सीटों वाली कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए 113 विधायकों का बहुमत होना जरूरी है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 80 सीटें जीती हैं, जबकि जेडीएस के 37 विधायक हैं। बसपा के एक विधायक का भी कांग्रेस-जेडीएस को समर्थन मिला है। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार के 13 महीने बाद ही 13 विधायकों ने बागी तेवर अपना लिया है, जिससे यह गठबंधन टूटने की कगार पर आ गया है। सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा देने वाले 13 विधायकों में से 11 विधायकों को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में स्थित सोफिटेल होटल में ठहराया गया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कर्नाटक में 105 विधायकों वाली भाजपा के अब सरकार बनाने का रास्ता खुल गया है। कांग्रेस-जेडीएस के अल्पमत में आ जाने से भाजपा का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
बता दें कि शनिवार को कांग्रेस के 10 और जेडीएस के 3 विधायकों ने विधासनभा स्पीकर को इस्तीफा सौंप दिया था। 13 विधायकों के बागी हो जाने के बाद 118 विधायकों वाली गठबंधन सरकार के पास अब 105 ही विधायक बचे हैं। कांग्रेस और जेडीएस के 16 विधायकों का इस्तीफा मंजूर हो जाने के बाद गठबंधन सरकार अल्पमत में आ जाएगी। उसके पास केवल 102 विधायक ही रहेंगे, जबकि भाजपा 105 विधायकों व एक निर्दलीय विधायक के बल पर 106 विधायकों के समर्थन वाली सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। 16 बागी विधायकों के समर्थन से भाजपा आसानी से अपनी सरकार बनाने का सपना संजो रही है। फिलहाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अमेरिका से आज लौटने वाले हैं । मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार बागी विधायकों के इस्तीफों पर विचार करेंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *