अपराधियों ने गोली मारकर बाइक सवार युवक को मौत के घाट उतारा.

0

ग्रामीणों में भय व दहशत का माहौल, आभूषण लूटपाट के दौरान हत्या-  हत्या में भाभी की संलिप्तता की आशंका



छपरा, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले की भेल्दी थानाक्षेत्र के खरीदाहां गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर युवक को शनिवार देर रात मौत के घाट उतार दिया। बेलगाम अपराधियों ने बाइक सवार युवक को तीन गोली मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
भेल्दी थाना क्षेत्र के बसौता गांव निवासी राजदेव सिंह का पुत्र चंद्रशेखर सिंह (23) अपनी भाभी को बस पकड़वाने के लिए छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच पर गया था। चंद्रशेखर की भाभी को सोनहो जाना था, लेकिन बस नहीं मिलने पर वह भाभी को सोनहो छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान आभूषण लूटपाट के लिए अपराधियों ने उसे रोका, जिसका विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह ट्रैक्टर चालक था।
इस घटना के बाद चंद्रशेखर की भाभी फूल कुमारी देवी भागकर थाना पहुंची और घटना की सूचना दी, लेकिन रात में उसका शव बरामद नहीं हो सका। पुलिस रातभर शव की तलाश करती रही पर शव सुबह बरामद किया गया। घटना के बाद से क्षेत्र में भय एवं दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला लूटपाट के दौरान हत्या का लगता है।
परिजनों का आरोप है कि फूल कुमारी देवी ने साजिश के तहत चंद्रशेखर की हत्या कराई है। पुलिस ने फूल कुमारी देवी को हिरासत में ले लिया है और पुलिस पूछताछ कर रही है। हत्यारों का पता नहीं चल सका है। छपरा-मुजफ्फरपुर नेशनल हाईवे पर खरीदाहां गांव के पास शव पड़े होने की सूचना रविवार सुबह राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है और बाइक को जब्त कर लिया है। मृतक की भाभी के द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *