इटावा:जिला कारागार से दो कैदी फरार, एक की ट्रेन से कटकर मौत

0

भागते समय एक कैदी की रेलवे स्टेशन पर संगम ट्रेन से कटकर मौत हो गयी जबकि दूसरा कैदी भागने में सफल रहा |



इटावा, 07 जुलाई (हि.स.) | जेल में सजा काट रहे दो कैदी शनिवार देर रात जेल प्रशासन को चकमा देकर जेल की दीवार फांदकर भाग गए | भागते समय एक कैदी की रेलवे स्टेशन पर संगम ट्रेन से कटकर मौत हो गयी जबकि दूसरा कैदी भागने में सफल रहा | जीआरपी ने कैदी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कम्प मच गया है। कैदियों के फरार होने की घटना से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है।

जेल अधीक्षक राजकिशोर सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात तक़रीबन 3 बजे दो कैदी रामांनन्द और चंद्रप्रकाश किसी तरह जेल में तैनात सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर रस्सी और डंडे के सहारे जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलने के तुरंत बाद जेल प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन चलाया और एक टीम को रेलवे स्टेशन भेजा जहाँ पर पता लगा कि किसी एक की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी है। शव को देखने के बाद उसकी शिनाख्त रामानंद के रूप में हुई । दूसरा कैदी चन्द्रप्रकाश उर्फ चंदू फरार हो गया । दोनों कैदियों में रामानंद औरैया जनपद के फफूंद का निवासी था और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था | दूसरा फरार कैदी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू इटावा जनपद के इकदिल का निवासी है और सामूहिक हत्याकांड के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था | पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जेल कर्मियों से हुई चूक की जाँच करवाई जा रही है | जाँच के बाद दोषियों पर कार्यवाई की जायेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *