एनजीओ के जरिये करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार

0

गिरफ्तार व्यक्ति का नाम आकाश दीप बताया जा रहा है। वह पत्नी के साथ मिलकर ‘अभिनय प्रयास’ नाम के एनजीओ के जरिये ठगी की वारदातों को अनजाम देता था। मुंगेर का रहने वाला आकाश दीप यह एनजीओ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रह कर चला रहा था।



पटना, 27 जून (हि.स.)। एनजीओ के जरिये करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक व्यक्ति को गुरुवार को राजीव नगर थाना क्षेत्र के आशियाना नगर  से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार  व्यक्ति का नाम आकाश दीप बताया जा रहा है। वह  पत्नी के साथ मिलकर ‘अभिनय प्रयास’ नाम के  एनजीओ के जरिये ठगी की वारदातों को अनजाम देता था। मुंगेर का  रहने वाला आकाश दीप यह एनजीओ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रह कर चला रहा था। उसकी गिरफ्तारी की कहानी  भी काफी रोचक है।जानकारी के मुताबिक उसकी गिरफ्तारी में उसके अपने ही एक कर्मचारी संजय श्रीवास्तव का हाथ है। संजय श्रीवास्तव की गिरफ्तारी तकरीबन एक साल पहले ठगी के आरोप में हुई थी। गिरफ्तारी के वक्त से ही वह खुद को बेगुनाह बताता रहा लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई। एक साल भोपाल जेल में बिताने के बाद जब वह बाहर निकला तो उसका एक ही मकसद था किसी तरह से आकाश दीप को उसके असली मुकाम तक पहुंचाना। इसके बाद उसने आकाश दीप की तलाश शुरु कर दी। उसे जानकारी मिली की आकाश दीप इन दिनों पटना के आशियाना नगर  इलाके में रह रहा है। यहां आने के बाद जब उसे इस बात का यकीन हो गया कि आकाश दीप यहीं रह रहा है तब उसने इसकी सूचना राजीव नगर थाने को दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद आकाश दीप को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर 30 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की ठगी का आरोप है। वह लोगों से पांच साल में उनकी रकम दुगना करने के नाम पर पैसा लेता था। जानकारी के मुताबिक कटनी कोर्ट से उसकी गिरफ्तारी का वारंट भी निकला हुआ है। पुलिस का कहना है  अभी इस मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। भोपाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। ठगी के इस धंधे में उसकी पत्नी शिखा भी उसका साथ दे रही थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *