अल्पेश ठाकोर की मुश्किलें बढ़ीं, कांग्रेस की याचिका पर हाईकोर्ट का नोटिस
अहमदाबाद, 24 जून ( हि.स.)। गुजरात हाईकोर्ट ने कांग्रेस के पूर्व नेता अल्पेश ठाकोर और गुजरात विधानसभा के स्पीकर राजेंद्र त्रिवेदी को नोटिस जारी किया है। ठाकोर को विधायक पद से हटाने को लेकर कांग्रेस की याचिका पर हाईकोर्ट ने ये नोटिस जारी किया है। अल्पेश पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके हैं लेकिन विधायक बने हुए हैं।
लोकसभा चुनाव में पार्टी के नेता अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस को काफी नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर को को अयोग्य ठहराने के लिए पार्टी संघर्ष कर रही है। गुजरात हाईकोर्ट ने पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर को अयोग्य ठहराने के कांग्रेस के आवेदन को स्वीकार कर लिया है । हाईकोर्ट ने आवेदन पर कार्रवाई करने के साथ ही, राधनपुर विधायक अल्पेश ठाकोर और विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी को तत्काल नोटिस जारी किए हैं। अंतिम सुनवाई 27 जून को होगी ।
इस साल 6 अप्रैल को पार्टी छोड़ने की घोषणा के चार दिन बाद अल्पेश ठाकोर ने 10 अप्रैल को कांग्रेस को इस्तीफा भेज दिया। उसमें उन्होंने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया लेकिन विधायक का पद बरकरार रखा । लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में बनासकांठा के दियोदर में पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण कांग्रेस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया और उन्हें बिहार के सह-प्रभारी पद से हटा दिया।
लोकसभा चुनाव में अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस पर दबाव बढ़ाया और पाटन और बायड के विधायक धवल सिंह की पत्नी के लिए साबरकांठा की मांग की । कांग्रेस ने अल्पेश की असीम महत्वाकांक्षा को नजरअंदाज कर दिया । इसके बाद उन्होंने राजनीतिक बगावत कर दी ।
पाटीदार आरक्षण आंदोलन के दौर से ही विवादास्पद चेहरा रहे हार्दिक पटेल आखिरकार कांग्रेस में शामिल हो गए। हार्दिक पटेल के कांग्रेस में शामिल होने से अल्पेश गुट का महत्व कम हो गया है। उसके बाद गुजरात कांग्रेस में एक नई लाइन खिंच गई। इसके एक तरफ़ हार्दिक पटेल और दूसरी तरफ़ अल्पेश ठाकोर थे।
कांग्रेस से अलग होने के बाद अल्पेश ठाकोर भाजपा नेताओं की परिक्रमा कर रहे हैं। चर्चा है कि ठाकोर 29-30 जून को नेताओं से मुलाकात कर भाजपा में शामिल होने के बारे में निर्णय ले सकते हैं।
