केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने राज्यसभा सदस्य के लिए नामांकन पत्र किया दाखिल

0

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-जदयू को 17-17 और लोजपा को 6 लोकसभा सीटों के बंटवारे के साथ रामविलास पासवान को राज्यसभा में भेजने का निर्णय हुआ था। केंद्रीय मंत्री पासवान पहले भी राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के सहयोग से राज्यसभा के सदस्य बने थे। 



पटना, 21 जून (हि.स.)। केन्द्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री रामविलास पासवान ने शुक्रवार को यहां राज्यसभा की एक सीट के लिए पांच जुलाई को होने वाले उप चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। यह सीट केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से चुने जाने के कारण खाली हुई है।
विधानसभा के सचिव बटेश्वर नाथ पाण्डेय के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करते समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव सहित अन्य कई मंत्री व विधायक मौजूद थे।नामांकन पत्र दाखिल करने पहले दिन शुक्रवार को सिर्फ रामविलास पासवान का नामांकन पत्र दाखिल हुआ है। उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। 25 जून तक नामांकन पत्र दाखिल होगा। 28 जून को नामांकन वापसी के दिन पासवान को निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र मिल जायेगा। पासवान अभी संसद के किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। मंत्री पद बचाने के लिए रामविलास पासवान को छह माह के अंदर संसद के किसी एक सदन का सदस्य बनना कानूनन अनिवार्य है।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-जदयू को 17-17 और लोजपा को 6 लोकसभा सीटों के बंटवारे के साथ रामविलास पासवान को राज्यसभा में भेजने का निर्णय हुआ था। केंद्रीय मंत्री पासवान पहले भी राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के सहयोग से राज्यसभा के सदस्य बने थे।
नीतीश कुमार की नसीहत
नामांकन पत्र दाखिल करते समय सचिव के कक्ष में अधिक संख्या में छायाकारों को देखकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि आपलोग भी तो मर्यादा का ख्याल रखिये। सचिव सह निर्वाचन पदाधिकारी के पीठ तक पहुंच गये हैं। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने छायाकारों को सचिव के कमरे से बाहर कर दिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *