मंत्री टी एस सिंह देव को राहुल गांधी ने बुलाया

0

जानकारी के अनुसार श्री सिंह देव गुरुवार को नवा अटल नगर स्थित निमोरा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक ले रहे थे, तभी राहुल गांधी के ऑफिस से उन्हें फोन आया।



रायपुर, 21 जून(हि.स)। पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री टी एस सिंह देव को दिल्ली में बुलाया गया है। समझा जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति और छत्तीसगढ़ से आ रही विवाद की खबरों को लेकर उन्हें बुलाया गया है। शुक्रवार की सुबह वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार श्री सिंह देव गुरुवार को नवा अटल नगर स्थित निमोरा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक ले रहे थे, तभी राहुल गांधी के ऑफिस से उन्हें फोन आया। उन्हें निर्देश दिया गया कि वे शुक्रवार की शाम 4 बजे तक दिल्ली पहुंचे। उनको इस तरह से अचानक दिल्ली तलब किए जाने से कांग्रेस में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को दिल्ली में ही थे। सूत्रों का दावा है कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर अमरजीत भगत की ताजपोशी को लेकर श्री सिंह देव की राय जानने दिल्ली बुलाया गया है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि प्रदेश में चल रही मुख्यमंत्री और श्री सिंह देव के बीच अघोषित राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की खबरें भी दिल्ली पहुंची है। कार्यकर्ताओं के बीच भी अच्छा संदेश नहीं जा रहा है। इसलिए पार्टी हाईकमान ने वस्तु स्थिति से अवगत होने तथा निर्देश देने के लिए उन्हें दिल्ली तलब किया है।
ज्ञात हो कि प्रदेश कांग्रेस में संगठन स्तर पर बड़े बदलाव की बात कही जा रही है। लोकसभा में बुरी तरीके से पराजित होने एवं मंत्रियों द्वारा चुनाव में अनमने ढंग से करके जाने की शिकायत पार्टी के हारे हुए प्रत्याशियों ने दिल्ली की है। स्वयं टी एस सिंह देव ने सरगुजा से ज्यादा वक्त ओडिशा में दिया। वे ओडिशा के प्रभारी भी हैं। बहरहाल श्री सिंह देव को इस तरह से दिल्ली बुलाए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस में हलचल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *