बंजार बस हादसा: 25 यात्रियों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

0

घटनास्थल पर मौजूद बंजार के पटवारी शीतल कुमार ने दूरभाष पर बताया कि अब तक 25 यात्रियों की मृत्यु हो चुकी है और कई अन्य घायल हैं। हादसे का शिकार हुई इस बस में 50 से अधिक यात्री सफर कर रहे थे। 



कुल्लू, 20 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में बयोट मोड़ पर गुरूवार शाम (4.10 बजे) एक निजी बस (एचपी 65-7065) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 25 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि दो दर्जन से अधिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटनास्थल पर मौजूद बंजार के पटवारी शीतल कुमार ने दूरभाष पर बताया कि अब तक 25 यात्रियों की मृत्यु हो चुकी है और कई अन्य घायल हैं। हादसे का शिकार हुई इस बस में 50 से अधिक यात्री सफर कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि यह बस बंजार से गाड़ागुशैणी-खौली के लिए रवाना हुई थी और महज दो किलोमीटर दूर ही लगभग 500 फुट गहरी खाई में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही बंजार के एसडीएम अन्य अधिकारियों और बचाव दल सहित दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल बंजार पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रवाना किया गया। जिला अस्तपाल से तुरंत एम्बुलेन्स को घटना स्थल को रवाना किया गया। दो बचाव टीमें मौके पर हैं और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
बंजार के एसडीएम एमआर भारद्वाज ने बताया कि मृतकों की संख्या और अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा कि बचाव व राहत कार्य जारी है और हताहतों व घायलों को खाई से निकाला जा रहा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों तथा घायलों को फौरी राहत के रूप में 50000 रुपये की राशि मौके पर ही वितरित की, जबकि मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को राहत राशि प्रदान की जा रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *