दो गुटों में हिंसक झड़प, बमबारी और फायरिंग में तीन की मौत

0

स्थानीय सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव के पहले इलाके में अलताब शेख नामक एक व्यक्ति की राजनीतिक हिंसा में मौत हो गई थी।



मुर्शिदाबाद,15 जून(हि.स.)।मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल थानांतर्गत कूचियामोड़ा ग्राम में राजनीतिक हिंसा की घटना में शनिवार को तीन तृणमूल कार्यकर्ताओं की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गये। मृतकों के नाम शोहेल राना शेख(19), खाईरुद्दीन शेख(55) और रहिदुल शेख(38) बताये गये हैं। सभी मृतक कूचियामोड़ ग्राम के निवासी बताये जा रहे हैं।
स्थानीय सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव के पहले इलाके में अलताब शेख नामक एक व्यक्ति की राजनीतिक हिंसा में मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसी घटना के परिप्रेक्ष्य में यह घटना घटी है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव से पहले मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल में पंचायत समिति के मत्स्य और प्राणी सम्पदा कर्माध्यक्ष अलताब शेख की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में पंचायत के उप प्रधान भी घायल हुए थे। इस घटना का आरोप गाइस शेख नामक एक व्यक्ति पर लगा था।
हालही में गाइस शेख जमानत पर छूटकर बाहर आया था। इसी की सूचना पाकर सोहेल शेख और खाईरुद्दीन शेख के नेतृत्व में कुछ असामाजिक तत्व शनिवार तड़के गाइस शेख के घर पहुंचे और उसके घर को घेरकर बमबाजी शुरु कर दी।
साहिल शेख और खाईरुद्दीन शेख ने जब गाइस शेख के घर में घुसने की कोशिश की तो गाइस शेख और उसके समर्थकों ने उनपर बम और गोलियों से हमला कर दिया। इस घटना में राना शेख, खाईरुद्दीन शेख और रहिदुल शेख गम्भीर रुप से घायल हो गये। डोमकल महकमा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं इस बमबाजी की घटना में छाबिबस शेख सहित कई लोग घायल हो गये। बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस के आपसी गुटबाजी के कारण यह घटना घटी है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से विरोधी दलों पर हमले का आरोप लगाया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *