ट्रेन लिफ्टर गैंग के कुख्यात लेडी डॉन की गोली मारकर हत्या

0

चंद्रकला देवी ट्रेन में लूटपाट करवाती थी, उसके गैंग में 200 से अधिक सदस्य हैं। उसक गिरोह समस्तीपुर-बरौनी-कटिहार, खगड़िया-रोसड़ा-समस्तीपुर और बख्तियारपुर-मोकामा-क्यूल रेलखंड पर ट्रेन में लूटपाट को अंजाम देता था।



बेगूसराय, 14 जून (हि.स.)। ट्रेन लिफ्टर गिरोह की अंतरराज्यीय सरगना चंद्रकला देवी की गुरुवार रात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बेगूसराय जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित कोरिया हैबतपुर गांव की है।

ट्रेन लिफ्टिंग कर अकूत धन अर्जित करने वाली चंद्रकला देवी अपने मायके कोरिया हैबतपुर में रहती थी। गुरुवार रात वह अपने भतीजे आदित्य कुमार की शादी समारोह में मटकोर आई थी। इसी बीच बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इस दौरान डीजे कीे शोर में लोगों ने गोली चलने की आवाज को अनसुना किया। कुछ देर बाद लोगों ने देखा कि चंद्रकला के मुंह में गोली लगी है। लोग उन्हें सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के मुताबित चंद्रकला देवी ट्रेन में लूटपाट करवाती थी, उसके गैंग में 200 से अधिक सदस्य हैं। उसक गिरोह समस्तीपुर-बरौनी-कटिहार, खगड़िया-रोसड़ा-समस्तीपुर और बख्तियारपुर-मोकामा-क्यूल रेलखंड पर ट्रेन में लूटपाट को अंजाम देता था। चंद्रकला पर विभिन्न रेल थानों में कई मामले दर्ज हैं। खगड़िया रेल पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजी गई चंद्रकला देवी पिछले महीने ही जमानत पर रिहा हुई थी।
इसके गैंग का नेटवर्क बिहार ही नहीं, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ है। घटना के संबंध में पुलिस फिलहाल कुछ नहीं बोल रही है। चल रही चर्चा की मानें तो चार दिन पहले वासुदेवपुर में आपसी गैंगवार में राजीव कुमार की हत्या हो गई थी और कुछ लोग उस घटना से भी इस हत्याकांड को जोड़ कर देख रहे हैं।
मृतका की पुत्री अनोखी कुमारी ने बताया कि मां का गांव में भी कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। रात में मांगलिक कार्यक्रम में डीजे बज रहा था, जिसकी आवाज में गोली चलने का पता नहीं चला। बाइक सवार के चले जाने के बाद लोगों ने देखा कि उसकी मां गिरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *