जेट एयरवेज को एक और झटका, 28 जून से इसके शेयरों में बंद होगी ट्रेडिंग

0

जेट के शेयर कई साल के निम्नतम स्तर पर कारोबार बंद करने का एनएसई ने दिया नोटिस



नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। अस्‍थायी तौर पर परिचालन बंद कर चुकी जेट एयरवेज को एक और झटका लगा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज(एनएसई) की ओर से गुरुवार को कारोबार पर बैन लगाने का नोटिस जारी किए जाने के बाद बंद पड़ी जेट एयरलाइन के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

दरअसल जेट के खिलाफ एनएसई ने बार-बार नोटिस के बाद भी जवाब नहीं देने पर यह फैसला लिया है। नोटिस के अनुसार, यह प्रतिबंध 28 जून,2019 से लागू होगा।

शेयर पर प्रतिबंध की खबर के बाद दोपहर करीब एक बजे जेट के शेयरों में 23 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। बंबई स्टॉक एक्सचेंज में जेट एयरवेज का शेयर 23.18 फीसदी की गिरावट के बाद 84.80 रुपये प्रति शेयर पर आ गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी जेट एयरवेज का शेयर 23.30 फीसदी की गिरावट के बाद 84.60 रुपये प्रति शेयर पर आ गया। इस गिरावट के साथ जेट एयरलाइन का शेयर कई सालों के सबसे निम्नतम स्तर पर आ गया है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज(एनएसई) ने जेट को उसके शेयरों को वायदा और विकल्प में कारोबार करने पर प्रतिबंध लगाने को लेकर नोटिस जारी किया है। एनएसई ने कहा है कि कंपनी ने बाजार में चल रही अफवाहों को लेकर कई बार नोटिस देने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया। इसके अलावा कंपनी ने 31 मार्च को समाप्त हुए वित्त वर्ष के वित्तीय नतीजे जमा नहीं किए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *