पश्चिम बंगाल: हिंसक झड़प में भाजपा के 5 और तृणमूल के एक कार्यकर्ता की मौत

0

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट संसदीय क्षेत्र अंतर्गत संदेश खली में शनिवार रात तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में भाजपा के पांच और तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। इसके अलावा 18 लोग लापता हैं।



कोलकाता, 09 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट संसदीय क्षेत्र अंतर्गत संदेश खली में शनिवार रात तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में भाजपा के पांच और तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। इसके अलावा 18 लोग लापता हैं।

दरअसल मामला संदेश खाली क्षेत्र के नजट थाना इलाके में स्थित हाटगाछी इलाके का है। यहां भाजपा का झंडा लगाने को लेकर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के बीच गोलीबारी हुई, जिसकी चपेट में आकर भाजपा के पांच और तृणमूल के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई।
मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान स्थानीय एससी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप मंडल (36), भाजपा सदस्य तपन मंडल (25) , शक्ति प्रमुख शुशांत (28) तथा भाजपा सदस्य शंकर मंडल और देवव्रत मंडल (30) के रूप में हुई है। मारे गए तृणमूल कार्यकर्ता की पहचान कयूम मोल्ला के रूप में हुई है।
बताया गया है कि इन लोगों के अलावा अभी भी 18 लोग लापता हैं।
घटना के विरोध में भाजपा युवा इकाई ने रविवार को कोलकाता में विरोध प्रकट करने का ऐलान किया है।
भाजपा महासचिव सायंतन बसु ने रविवार सुबह “हिन्दुस्थान समाचार” से विशेष बातचीत में कहा कि उनके पांच कार्यकर्ता मारे गए, जबकि तृणमूल कांग्रेस के मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के अनुसार उनकी पार्टी के एक कार्यकर्ता की झड़प में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सायंतन बसु ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता झंडा बैनर लगा रहे थे, जिसका तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ा तो तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लक्ष्य कर गोली चला दी। इसी दौरान तृणमूल कार्यकर्ता कयूम मोल्ला को भी गोली लग गई।
उत्तर 24 परगना जिले के तृणमूल अध्यक्ष ज्योतिप्रिय मल्लिक ने दावा किया कि भाजपा के लोगों ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर गोली चलाई। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते हैं कि किसी की भी हत्या हो लेकिन अगर वे हमारे कार्यकर्ताओं को मारते हैं तो हम उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे।
प्रशासन और पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस घटना को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि पश्चिम बंगाल के संदेशखली में तृणमूल के गुंडों ने पांच भाजपा कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी। ममता बनर्जी सीधे तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा के लिए जिम्मेदार हैं। हम इसके लिए रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
इधर, तृणमूल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस घटना का जिक्र किया है। उसमें दावा किया गया है कि तृणमूल कांग्रेस की जनसभा चलने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घुसकर गोली चलाई हैं, जिसकी वजह से तृणमूल कार्यकर्ता की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *