भारतीय टीम की कप्तानी करना बड़ी बात: कोहली

0

विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में अपने अभियान की शुरूआत करेगी। कोहली पहली बार बतौर कप्तान विश्व कप में खेल रहे हैं। 



साउथैम्पटन, 04 जून (हि.स.)। विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में अपने अभियान की शुरूआत करेगी। कोहली पहली बार बतौर कप्तान विश्व कप में खेल रहे हैं।
कप्तान के रूप में अपने पहले विश्व कप मुकाबले पर कोहली ने कहा कि भारतीय टीम की कप्तानी करना बड़ी बात है। मेरे लिए यह एक गर्व का विषय है। कोहली 2011 और 2015 विश्व कप में भी टीम का हिस्सा थे। कोहली ने कहा कि यह विश्व कप किसी भी कप्तान के लिए किसी परीक्षा की तरह है। उन्होंने कहा कि यहां आपको नौ मैच खेलने हैं। हर टीम के खिलाफ अलग रणनीति बनाकर उतरना होगा। इस लंबे टूर्नमेंट में हर बार आपके सामने अलग टीम होगी और आपको उस दिन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित पत्रकारवार्ता में कोहली ने केदार जाधव की फिटनेस के बारे में कहा कि वह अब नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं और करीब-करीब फिट हो चुके हैं। भारतीय कप्तान ने कहा कि जाधव एक उपयोगी खिलाड़ी हैं और टीम में उनके होने से संतुलन आता है। कोहली ने भारतीय टीम के संयोजन पर कहा कि टीम के पास कलाई के स्पिनर हैं और उंगली के भी। वह पिच, परिस्थिति और विपक्षी टीम को देखते हुए ही टीम का चयन करेंगे।
भारतीय कप्तान ने कहा कि इसी वजह से विश्व कप के लिए सर्वश्रेष्ठ उपलब्ध टीम चुनी गई है। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन कंधे की चोट के कारण इस विश्व कप से बाहर हो गए हैं। इस पर कोहली ने कहा कि उन्हें स्टेन के बाहर होने से दुख है। स्टेन आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे। कोहली ने कहा कि स्टेन खेल को काफी इंजॉय कर रहे थे। विराट से जब विश्व कप में बन रहे 300 से ज्यादा स्कोर को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘अगर पिच माकूल मिली, तो हम इस टारगेट तक तरफ बढ़ेंगे। अगर माकूल नहीं रही, तो मौसम के मुताबिक खेलेंगे। हमारे पास ऐसा बोलिंग अटैक मौजूद है, जो किसी भी स्कोर की रक्षा कर सकता है।’

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *