सोलहवीं लोकसभा भंग, केन्द्र में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू

0

सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव परिणाम आने और सोलहवीं लोकसभा के भंग होने के बाद अब केंद्र में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। भाजपा-नीत राजग के नवनिर्वाचित सांसदों की शनिवार को बैठक होगी। इसमें नरेन्द्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वह सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।  



नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.) । सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव परिणाम आने और सोलहवीं लोकसभा के भंग होने के बाद अब केंद्र में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। भाजपा-नीत राजग के नवनिर्वाचित सांसदों की शनिवार को बैठक होगी। इसमें नरेन्द्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वह सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।

लोकसभा चुनाव में भाजपा-नीत राजग के प्रचंड जीत के बाद शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इस दौरान मंत्रिमंडल ने 16वीं लोकसभा को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर अपना एवं अपनी मंत्रिपरिषद का इस्तीफा सौंपा। राष्ट्रपति ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें नई सरकार के गठन तक पद पर बने रहने को कहा है। इसके साथ ही अब सत्रहवीं लोकसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में सभी मंत्रियों ने भाग लिया, लेकिन वित्तमंत्री अरुण जेटली स्वास्थ्य कारणों के चलते इसका हिस्सा नहीं बन पाए।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा को 303 सीटें मिली हैं। भाजपा-नीत राजग को 350 से ज्यादा सीटें मिली हैं।

भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को देश में लोकसभा के लिए आम चुनावों के अंतिम नतीजे जारी कर दिए हैं। इनके अनुसार 542 सीटों के लिए पूर्ण हुए मतदान कार्यक्रम के बाद भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी पार्टी बनी है जिसे 303 सीटें प्राप्त हुई हैं और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 52 सीटें हीं मिली हैं।

चुनाव आयोग के नतीजों के अनुसार कुल 542 सीटों के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 303, कांग्रेस को 52, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को 23,  तृणमूल कांग्रेस को 22, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआर कांग्रेस) को 22, शिवसेना को 18, जनता दल (यूनाइटेड) को 16, बीजू जनता दल (बीजद) को 12,  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 10, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) को 9,  लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) को 6, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को 5. समाजवादी पार्टी (सपा) को 5, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) को 3, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 3, नेशनल कांफ्रेस (एनसी) 3, तेलुगु देशम (टीडीपी) को 3, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को 2, अपना दल (सोनेलाल) को 2, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को 2, शिरोमणि अकाली दल को 2 सीटें मिली हैं।

इनके अलावा आम आदमी पार्टी (आप), ऑल इंडिया झारखंड स्‍टूडेंट यूनियन (एजेएसयू), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक), ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट, जनता दल (सेकुलर), झारखंड मुक्ति मोर्चा, केरल कांग्रेस (एम), मिजो नेशनल फ्रंट, नागा पीपुल्स फ्रंट, नेशनल पीपुल्स पार्टी, राष्ट्रवादी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, क्रांतिकारी सोशलिस्ट पार्टी, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा, विदुथलाई चिरुथिगाल काची को एक-एक सीट मिली है। वहीं चार निर्दलीय भी जीतें हैं। तमिलनाडु की वेल्लोर संसदीय सीट पर चुनाव रद्द कर दिया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *