छिंदवाड़ा विस उपचुनाव: भाजपा उम्मीदवार विवेक साहू गिरफ्तार

0

छिंदवाड़ा, 21 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ छिंदवाड़ा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर उनचुनाव लड़ रहे उम्मीदवार विवेक बंटी साहू को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ करीब 22 कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन पर धारा 188 के तहत मामला दर्ज था।
उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट के लिए 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। इसी दिन छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ था। इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस ने मतदान के दौरान गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तार किया था। भाजपा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के विरोध में मतदान के दो दिन बाद पार्टी उम्मीदवार विवेक बंटी साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ थाने का घेराव कर दिया था। इसी मामले में पुलिस ने विवेक बंटी साहू समेत 22 लोगों के खिलाफ धारा 188 का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने बताया कि यह सभी उसी दिन से फरार चल रहे थे। मंगलवार की सुबह पुलिस ने भाजपा उम्मीदवार विवेक बंटी साहू समेत 22 लोगों को गिरफ्तार किया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में भाजपा नेताओं का कहना है कि दुर्भावना बस उक्त कार्रवाई की जा रही है। जबरन पुलिस द्वारा बुलाकर 23 तारीख को होने वाली मतगणना को प्रभावित करने षड्यंत्र रचा गया है। अब देखना है कि क्या पुलिस इन्हें जमानत देती है या न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *