मुलायम और अखिलेश की आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच बंद : सीबीआई

0

याचिकाकर्ता विश्वनाथ चतुर्वेदी की मांग पर सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की स्टेटस रिपोर्ट
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर कहा है कि 7 अगस्त 2013 को उसने जांच बंद कर दी थी। शुरुआती जांच में किसी संज्ञेय अपराध की पुष्टि नहीं हुई थी। 2008 में सीबीआई ने केस दर्ज होने लायक सबूत मिलने की बात कही थी। याचिकाकर्ता ने मांग की थी कि अदालत सीबीआई से स्टेटस रिपोर्ट ले।
पिछले 12 अप्रैल को सुनवाई के दौरान सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि जांच 2013 में बंद हो चुकी है। उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को लिखित जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था।
याचिका विश्वनाथ चतुर्वेदी ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि जांच के लिए 2007 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी सीबीआई ने कार्रवाई नहीं की। याचिका में पूछा गया है कि 2007 से लेकर 2012 तक सीबीआई ने क्या कार्रवाई की है, इसकी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट या निचली अदालत में दाखिल की जाए।
इस मामले में मुलायम सिंह यादव ने अपने हलफनामे में कहा है कि उन्हें इस मामले में क्लीन चिट मिल चुकी है। हलफनामे में कहा गया है कि ये मामला राजनीति से प्रेरित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *