बीते सप्ताह एचडीएफसी बैंक के बाजार पूंजीकरण में सबसे ज्यादा इजाफा, आरआईएल फिर बनी नम्बर वन

0

नई दिल्ली/मुम्बई,  19 मई (हि.स.)। बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से नौ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप.) में समाप्त हुए सप्ताह में 82,379.79 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इस दौरान निजी क्षेत्र की एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक का प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा है। बीते सप्ताह के दौरान टीसीएस एकमात्र कंपनी रही जिसका बाजार पूंजीकरण घटा। जिसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज बाजार पूंजीकरण के मामले में एक बार फिर से टीसीएस से आगे निकल नम्बर पर काबिज हो गई है।
बीते सप्ताह एचडीएफसी बैंक के बाजार पूंजीकरण में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। बैंक की बाजार हैसियत 17,685.54 करोड़ रुपये बढ़कर 6,43,560.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। कोटक महिंद्रा बैंक का मार्केट कैप 12,531.51 करोड़ बढ़कर 2,78,823.62 करोड़ रुपये और एचडीएफसी का 10,776.2 करोड़ रुपये बढ़कर 3,43,211.58 करोड़ पर पहुंच गया। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) की बाजार हैसियत 10,531.29 करोड़ रुपये बढ़कर 3,75,738.57 करोड़ रुपये और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) मार्केट कैपिटल 9,727.82 करोड़ रुपये बढ़कर 2,84,650.48 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
मुकेश अम्बानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 9,635.15 करोड़ रुपये बढ़कर 8,02,316.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 4,535.7 करोड़ के इजाफे के साथ 3,69,475.16 करोड़ रहा। आईसीआईसीआई बैंक के बाजार मूल्यांकन में 3,570.66 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह 2,51,682.91 करोड़ रुपये और इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 3,385.92 करोड़ की बढ़ोतरी के साथ 3,16,223.26 करोड़ रहा। दूसरी तरफ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार मूल्यांकन 14,709.4 करोड़ घटकर 7,86,631.17 करोड़ रुपये पर आ गया।
बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह देश की शीर्ष दस कपनियां
रिलायंस इंडस्ट्रीज-8,02,316.11 करोड़ रुपये
टीसीएस-7,86,631.17 करोड़ रुपये
 एचडीएफसी बैंक-6,43,560.05 करोड़ रुपये
हिंदुस्तान यूनिलीवर-3,75,738.57 करोड़ रुपये
आईटीसी-3,69,475.16 करोड़ रुपये
एचडीएफसी-3,43,211.58 करोड़ रुपये
इन्फोसिस-3,16,223.26 करोड़ रुपये
एसबीआई-2,84,650.48 करोड़ रुपये
कोटक महिंद्रा बैंक- 2,78,823.62 करोड़ रुपये
आईसीआईसीआई बैंक-2,51,682.91 करोड़ रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *