शौक के लिए चुराते थे वाहन,दो गिरफ्तार

0

नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। अमन विहार पुलिस ने शौक पूरा करने के लिए मोटरसाइकिल और कारों को चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो सदस्य अमन और अब्दुल पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने आरोपितों से आठ मोटरसाइकिल और एक कार जब्त कर आधा दर्जन से ज्यादा मामलों का खुलासा किया है। फिलहाल पुलिस को इनके साथी कुलदीप की तलाश है। कुलदीप के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
डीसीपी एसडी मिश्रा के अनुसार अमन विहार और आसपास के इलाके में वाहन चोरी और झपटमारी की  वारदात बढ़ रही थीं। अमन विहार पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए बेरिकेड लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। साथ ही रफ्तार बाइक की सहायता भी ली जा रही थी। बीती रात रफ्तार बाइक से पुलिस गश्त कर रही थी। दोनों आरोपित अमन और अब्दुल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। दोनों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर नौ वाहन जब्त किए गए हैं। आरोपितों से पूछताछ करने पर पता चला है कि वह इलाके में खड़ी बाइक और कारों को कुछ ही सेकेंड में पार कर देते थे। इन वाहनों को कुलदीप की मदद से बेचा जाता था। दोनों काफी समय से ऐसी वारदात को अंजाम दे रहे थे। आरोपित पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। यह लोग शौक और ड्रग्स के लिए गाड़ियां चुराते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *