आईपीकेएल : दिल्ली ने मुम्बई को 56-35 से हराया

0

पुणे, 17 मई (हि.स.) । दिलेर दिल्ली ने बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स परिसर में खेले गए पारले इंडो इंटरनेशनल प्रीमियर कबड्डी लीग (आईपीकेएल) के पहले संस्करण के अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले में मुम्बई चे राजे को 56-35 के अंतर से हरा दिया।

दिल्ली की यह दो  मैचो में दूसरी जीत है जबकि मुम्बई को दो मैचों में पहली हार मिली है। इस तरह दिल्ली ने अपने स्टार रेडर नवीन कुमार के नेतृत्व में मुम्बई को बड़े अंतर से हराते हुए पूल-बी में टाप पर पहुंच गई है।

गुरुवार रात खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने पहला क्वार्टर 14-12, दूसरा क्वार्टर 12-5, तीसरा क्वार्टर 12-8 और चौथा क्वार्टर 18-10 से अपने नाम किया। मुम्बई ने पहले क्वार्टर में दिलजीत के सुपर रेड की मदद से 5-0 की बढ़त के साथ शुरुआत की लेकिन बाद में वह पिछड़ गई।

दिल्ली ने भी वापसी की कोशिश जारी रखते हुए स्कोर 5-10 कर दिया और फिर नवीन के सुपर रेड की मदद से स्कोर 8-10 कर दिया। अगली रेड में सुनील ने एक अंक और लिया और स्कोर 9-10 हो गया और फिर मुम्बई को ऑल आउट कर दिल्ली की टीम 13-11 से आगे हो गई।

दूसरे क्वार्टर में दिल्ली का जबरदस्त दबदबा रहा। उसने यह क्वार्टर 12-5 से अपने नाम किया। उसने मुम्बई को ऑल आउट करते हुए 22-14 की बढ़त हासिल कर ली। ऑल आउट होने के बाद मुम्बई ने अपने स्टार रेडर दिलजीत की मदद से स्कोर 17-23 करने में सफलता हासिल की लेकिन दिल्ली ने एक बार फिर तीन अंक लेते हुए स्कोर 26-17 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में दिल्ली ने बेकार में दो अंक लुटा दिए। स्कोर 27-19 हो चुका था। इसके बाद  दिल्ली को भी तीन अंक मिले। स्कोर 30-19 हो गया लेकिन दिलजीत ने सुपर रेड करते हुए मुम्बई को तीन अंक दिला दिए। स्कोर 30-22 हो चुका था।

दिलजीत लगातार अंक बटोर रहे थे और इसी क्रम में उन्होंने अपनी टीम को एक और अंक दिलाया। स्कोर 30-23 हो गया लेकिन दिल्ली ने सुपर टैकल करते हुए खुद को 33-23 से आगे कर लिया। यहां मुम्बई ने दो अंक लेते हुए स्कोर 33-25 कर लिया और लेकिन आलआउट की कगार पर खड़ी दिल्ली के लिए सनी ने सुपर रेड कर स्कोर 37-35 कर दिया। दिल्ली ने एक अंक और लिया। तीसरे क्वार्टर के अंत तक दिल्ली 38-25 से आगे थी।

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में दिल्ली ने मुम्बई को ऑलआउट कर 43-26 की बढ़त बना ली। इसी क्वार्टर में दिल्ली ने मुम्बई को तीसरी और कुल पांचवीं बार ऑलआउट किया और इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक स्कोर (53) बनाने में सफल हुई। मुम्बई की टीम तमाम प्रयासों के बावजूद दिल्ली को टक्कर नहीं दे सकी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *