जारी रहेगी कंगना-ऋतिक की जंग

0

मुंबई, 13 मई (हि स)। ऋतिक रोशन ने भले ही 26 जुलाई को कंगना की फिल्म मेंटल है क्या से मुकाबला करने की जगह अपनी नई फिल्म सुपर 30 को पीछे हटा लिया हो, लेकिन ये तय है कि कंगना और ऋतिक के बीच घमासान जारी रहेगा। कंगना की ये फिल्म पहले 21 जून को रिलीज होनी थी, लेकिन अचानक इसकी रिलीज तारीख बढ़ाकर 26 जुलाई कर दी गई, जहां ऋतिक रोशन की फिल्म सुपर 30 को रिलीज होना था। ऋतिक ने इस मुकाबले को टालते हुए सुपर 30 की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी। ऋतिक रोशन की फिल्म की नई रिलीज डेट अभी तय नहीं हुई है। सूत्र बता रहे हैं कि इस बात की संभावना बनी हुई है कि ऋतिक रोशन की ये फिल्म जब भी रिलीज होगी, कंगना उनसे मुकाबले में अपनी फिल्म को जरुर लगाएंगी। मेंटल है क्या के अलावा कंगना की दूसरी फिल्म पंगा है, जिसकी शूटिंग लगभग पूरी हो गई है और इसे भी इसी साल रिलीज होना है। अगर सुपर 30 का मुकाबला मेंटल है क्या से नहीं हुआ, तो ये मुकाबला पंगा से हो सकता है। कंगना ने ये बात पिछले साल ही बता दी थी कि वे ऋतिक की फिल्म के साथ अपनी फिल्म को रिलीज करने का मौका हाथ से नहीं जाने देंगी। उन्होंने ये कोशिश इस साल जनवरी में भी की थी, जब सुपर 30 को 26 जनवरी को रिलीज होना था और कंगना ने भी इसी दिन मणिकर्णिका को रिलीज करने की घोषणा कर दी थी। उस वक्त सुपर 30 को अलग कारणों से आगे बढ़ाया गया था, क्योंकि इसके निर्देशक विकास बहल पर मीटू आंदोलन के वक्त यौन शोषण के आरोप लगे थे और ऋतिक रोशन ने उनके साथ काम करने से मना कर दिया था। उस वक्त फिल्म का काफी काम बाकी था, तो अनुराग कश्यप को ये काम पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई। 26 जुलाई को सुपर 30 के साथ मेंटल है क्या के मुकाबले को लेकर कंगना की ओर से मोर्चा संभालने वालीं उनकी बहन रंगोली ने ऋतिक पर जिस तरह से हमला बोला, उससे जाहिर है कि कंगना और उनकी बहन ऋतिक की इस फिल्म को सोलो रिलीज नहीं होने देंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *