दिल्ली का रण, कांग्रेस के लिए जीवन-मरण.

0

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.) । आम चुनाव के छठे चरण के लिए हो रहे मतदान में दिल्ली के रण में कांग्रेस के लिए जीवन-मरण का प्रश्न है। पिछले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को धूल चटाई थी। दिल्ली में 18 महिलाओं सहित 164 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।

प्रमुख उम्मीदवारों में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली,  पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, बॉक्सर विजेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, मीनाक्षी लेखी, दिलीप पांडे और आतिशी शामिल हैं।  कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से शीला, पूर्वी दिल्ली से लवली, नई दिल्ली से माकन और दक्षिण दिल्ली से विजेंद्र पर दांव खेला है। भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख उम्मीदवारों में चांदनी चौक से हर्षवर्धन, पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर और नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी किस्मत आजमा रही हैं। आम आदमी पार्टी के प्रमुख उम्मीदवारों में उत्तर पूर्वी दिल्ली से दिलीप पांडे और पूर्वी दिल्ली से आतिशी शामिल हैं।
सभी सात लोकसभा क्षेत्रों के 13,819 मतदान केंद्रों पर रविवार सुबह सात बजे वोटिंग शुरू हो चुकी है। दिल्ली में 523 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। अनहोनी रोकने के लिए दिल्ली पुलिस, होमगार्ड और अर्द्धसैनिक बलों के 60,000 जवानों को तैनात किया गया है।  इस चुनाव में 1.43 करोड़ लोग मतदान में हिस्सा ले रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *