‘नाचने वाला’ बताने पर तिवारी ने कहा, केजरीवाल ने किया पूर्वांचल के लोगों का अपमान

0

नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें गाली देकर सीधा पूर्वांचल की जनता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि 12 मई को मतदान के दिन पूर्वांचली अपने एक-एक वोट से इसका जवाब देंगे।
भाजपा के प्रवक्ता तजिंदर सिंह बग्गा ने भी अरविंद केजरीवाल के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि मनोज तिवारी को नाचने वाला कहना पूरे पूर्वांचल की जनता का अपमान है। तिवारी ने अपनी कला से पूरे पूर्वांचल का मान बढ़ाया है। बग्गा ने कहा कि मनोज तिवारी ने भोजपुरी भाषा को विश्व पटल पर एक अलग पहचान दिलाई है। पूर्वांचलवासी केजरीवाल के इस अपमान का करारा जवाब देंगे।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र में आप उम्मीदवार दिलीप पांडेय के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार नाचने-गाने वाले को वोट नहीं देना। दिलीप पांडेय को वोट देना। वही आपके क्षेत्र में विकास कार्य करेंगे।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट पर भाजपा और कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस की शीला दीक्षित और भाजपा के मनोज तिवारी के अलावा आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप पांडेय मैदान में हैं। एक फरवरी 1971 को जन्मे मनोज तिवारी ने एमपीएड की डिग्री हासिल की हुई है और वे पेशे से फिल्म अभिनेता हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *