मुजफ्फरपुर बालिका गृहकांड के खुलासे के बाद तेजस्वी ने सीएम की बर्खास्तगी की मांग की

0

पटना, 04 मई (हि.स.)। मुजफ्फरपुर बालिका गृहकांड मामले में सीबीआई की ओर से इस कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर द्वारा 11 बच्चियों को मारकर गाड़ दिए जाने की बात सुप्रीम कोर्ट को बताये जाने के बाद विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की है। तेजस्वी ने कहा है हम महामहिम राज्यपाल से अनुरोध करते हैं कि मुजफ्फरपुर बलात्कार कांड में नीतीश सरकार की पूर्ण संलिप्तता पाए जाने के बाद इस अनैतिक एवं व्यभिचारी नीतियों और कुछेक दुराचारी मंत्रियों से युक्त सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करें तभी बिहार की माताएं और बहन-बेटी सुरक्षित रह सकेंगी।
तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा है कि नीतीश कुमार के अति करीबी दुलरुआ ब्रजेश ठाकुर ने सीएम के संरक्षण में 34 बच्चियों का सत्ताधारी नेताओं ने सामूहिक बलात्कार के उपरांत 11 बच्चियों को मारकर गाड़ दिया। हिंदू रीति से दाह-संस्कार भी नहीं किया। बाकी बच्चियां अभी भी गायब हैं। नीतीश सरकार पूर्णत: नंगी हो चुकी है। अपने सवाल को दोहराते हुए तेजस्वी ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि नीतीश कुमार ब्रजेश ठाकुर के मुजफ़्फ़रपुर घर क्या करने जाते थे? उन्होंने उस दरिंदे पर एफआईआर क्यों नहीं की? बाद में की तो पॉक्सो एक्ट की धारा क्यों नहीं लगाई?
प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए तेजस्वी ने एक अन्य ट्वीट में कहा है ज्ञानी- ध्यानी प्रवचनकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की जुबान इस पर नहीं खुलेगी क्योंकि उनके मित्र नीतीश कुमार और बीजेपी के कई मंत्री इस जनबलात्कार कांड में संलिप्त हैं। सीबीआई के अंतरिम निदेशक को इन बलात्कारियों को बचाने के लिए ही सजा मिली थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *