उप्र: चौथे चरण में कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ नहीं

0

No

भाजपा का सपा बसपा गठबंधन के बीच मुकाबले के आसार
लखनऊ, 26 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पास खोने के लिए कुछ नहीं है। भाजपा के सामने जहां अपनी जीती हुई 12 सीटें बचाने की चुनौती है तो वहीं सपा बसपा गठबंधन के सामने बेहतर प्रदर्शन की चुनौती है।
चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव है। इन 13 सीटों में एकमात्र कन्नौज लोकसभा सीट को छोड़कर बाकी 12 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। कन्नौज सीट सपा के खाते में गयी थी। यहां से सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी सांसद हैं। वह कन्नौज से इस बार भी चुनाव लड़ रही हैं। उनके समर्थन में बसपा सुप्रीमो मायावती भी प्रचार कर चुकी हैं। वहीं उन्हें टक्कर देने के लिए भाजपा के सुब्रत पाठक सियासी मैदान में हैं।
भाजपा का 2009 में इन 13 सीटों पर नहीं खुला था खाता
चौथे चरण में आने वाली उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों में से 12 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। वर्ष 2009 में इन 13 सीटों में से सर्वाधिक सात सीटे कांग्रेस के पास थी। इसी प्रकार सपा के पास चार और बसपा दो लोकसभा सीटें जीतने में कामयाब हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि वर्ष 2014 में यहां 13 में से 12 सीटें जीतने वाली भाजपा का वर्ष 2009 में खाता तक नहीं खुला था। वर्ष 2009 में कांग्रेस ने शाहजहांपुर, खीरी, उन्नाव, कानपुर, फर्रुखाबाद, अकबरपुर और झांसी सीटें जीती थी। वहीं सपा हरदोई, कन्नौज, इटावा, जालौन और बसपा मिश्रिख और हमीरपुर सीटें जीतने में कामयाब हुई थी।
भाजपा का सपा-बसपा गठबंधन से होगा मुकाबला

चौथे चरण में उत्तर प्रदेश में 13 लोकसभा सीटों पर नजर डालें तो इस बार भाजपा व सपा बसपा गठबंधन के बीच ही मुकाबलामाना जा रहा है। वहीं उन्नाव, कानपुर और झांसी में कांग्रेस की मजबूत स्थिति के कारण त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। बाकी सीटों पर सपा बसपा गठबंधन का भाजपा से ही मुकाबला होगा
कन्नौज सीट भी हार रही सपा

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चन्द्र भूषण पाण्डेय ने कहा कि पूरे देश में मोदी लहर चल रही है। पिछली बार सपा कन्नौज सीट बचाने में कामयाब हो गयी थी। इस बार सपा कन्नौज सीट भी हार रही है।
कांग्रेस के प्रवक्ता जीशान हैदर ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि सभी पार्टियां कांग्रेस से लड़ रही हैं। 2009 में इन 13 सीटों में से सात सीटें कांग्रेस के पास थी। इस बार भी चौथे चरण में कांग्रेस सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी।
समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता निधि यादव ने दावा किया कि सपा बसपा गठबंधन के पक्ष में पूरे प्रदेश में लहर है। इस बार चौथे चरण में आने वाली उत्तर प्रदेश की सभी 13 सीटों पर सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी जीतेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *