मुंबई, 23 अप्रैल (हि स)। अपने कैरिअर के शुरुआती दौर में शाहरुख खान ने बाजीगर, डर और अंजाम फिल्मों में निगेटिव रोल किए थे, लेकिन अब उनको लेकर खबर मिल रही है कि पहली बार वे पूरी तरह से विलेन का रोल निभाने जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शाहरुख खान पहली बार एक तमिल फिल्म में काम करने जा रहे हैं और इस फिल्म में वे विलेन का रोल करेंगे। साउथ के दिग्गज सितारे विजय इस फिल्म में मेन लीड करने वाले हैं। इस फिल्म का निर्देशन अतली कर रहे हैं, जिनको हाल ही में चेन्नई में आईपीएल के मैच के दौरान शाहरुख खान के साथ देखा गया था। अब तक कहा जा रहा था कि किंग खान इस फिल्म में मेहमान रोल करने वाले हैं, लेकिन अब सूत्र कह रहे हैं कि ये विलेन का रोल होगा और शाहरुख की एंट्री क्लाइमेक्स से कुछ देर पहले होगी। इसकी शूटिंग शाहरुख खान चेन्नई में करेंगे या मुंबई में सेट लगाया जाएगा, इसका फैसला अभी तक नहीं हुआ है। पिछले साल आई जीरो के बाद शाहरुख खान ने अब तक कोई नई फिल्म साइन नहीं की है। संकेत मिले हैं कि जून तक शाहरुख खान की नई फिल्म की घोषणा हो सकती है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *