ग्यारह सीटों पर सबकी नजर

0

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। लोकतंत्र के महापर्व के तीसरे चरण के चुनाव के लिए हो रहे मतदान के बीच 11 सीटों पर सबकी नजर टिकी हुई है।
पहली सीट गांधीनगर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने इसके लिए पार्टी के पितामह लालकृष्ण आडवाणी की गांधीनगर सीट चुनी है। कांग्रेस ने शाह के खिलाफ विधायक डॉक्टर सीजे चावड़ा को उतारा है। गांधीनगर भाजपा का गढ़ है। आडवाणी यहां से छह बार सांसद रहे हैं। यहां शाह की जीत पक्की मानी जा रही है।
दूसरी सीट वायनाड
यह सीट केरल में है। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने एनडीए ने भारत धर्म जनसेना के तुषार वेल्लापल्ली को खड़ा किया है। राहुल यहां के अलावा अपनी पारंपरिक सीट अमेठी से भी मैदान में हैं। 2014 के चुनाव में वायनाड से कांग्रेस के एमआई शानवास करीब 21 हजार मतों के अंतर से जीते थे।

तीसरी सीट अनंतनाग
अनंतनाग सीट पर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती का का मुकाबला नेशनल कॉन्फ्रेंस (के हसनैन मसूदी से है। 2014 के चुनाव में महबूबा 65 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से यहां से जीती थीं। अति संवेदनशील अनंतनाग सीट पर इस बार तीन चरणों में लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। 29 अप्रैल को चौथे चरण में कुलगाम और 6 मई को पांचवें चरण में शोपियां और पुलवामा सीटों पर मतदान होगा।
चौथी सीट मैनपुरी
यह सीट मुलायम खानदान का गढ़ मानी जाती है। यहां से समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव अपना आखिरी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसका ऐलान वह खुद कर चुके हैं। मुलायम सिंह ने पहली बार 1996 में यहां से चुनाव जीता था। भारतीय जनता पार्टी ने प्रेम सिंह शाक्य को उनके मुकाबले खड़ा किया है।
पांचवीं सीट रामपुर
यहां से समाजवादी पार्टी नेता आजम खान मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अभिनेत्री जया प्रदा को खड़ा किया है। आजम यहां के बेताज बादशाह माने जाते हैं लेकिन जया प्रदा दो बार 2004 और 2009 में यहां से सांसद रह चुकी हैं।
छठी सीट फिरोजाबाद
यहां चाचा और भतीजे के बीच जंग है। समाजवादी पार्टी से अलग होकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया)के संस्थापक शिवपाल यादव का मुकाबला समाजवादी पार्टी के समाजवादी पार्टी के अक्षय यादव से है। भारतीय जनता पार्टी ने चंद्रसेन जादौन को मैदान में उतारा है। 2014 में अक्षय यादव ने भारतीय जनता पार्टी के एसपी सिंह बघेल को 1.14 लाख मतों से हराया था।

सातवीं सीट पीलीभीत
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार वरुण गांधी और मेनका गांधी की सीट में अदला-बदली की है। वरुण एक बार फिर अपनी पुरानी सीट पीलीभीत से मैदान में हैं। उनकी मां मेनका गांधी सुलतानपुर से चुनाव लड़ रही हैं। वरुण का मुकाबला समाजवादी पार्टी के हेमराज वर्मा से है।
आठवीं सीट मधेपुरा
यहां से शरद यादव राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार हैं। जन अधिकार पार्टी के राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने उनकी डगर मुश्किल कर दी है। जनता दल (यू) के दिनेश चंद्र यादव के मैदान में होने से मुकाबला त्रिकोणीय है।

नौवीं सीट पुरी
यह सीट ओडिशा में है। यहां से भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा मैदान में हैं। बीजू जनता दल ने उनके मुकाबले पिनाकी मिश्रा को खड़ा किया है। कांग्रेस ने सत्य प्रकाश नायक को मैदान में उतारा है।
दसवीं सीट बारामती
यहां से एनसीपी प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले मैदान में हैं। 2009 में जीत दर्ज करने के बाद 2014 की मोदी लहर में भी सुप्रिया ने यह सीट बरकरार रखी थी। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से कंचन राहुल कुल को मैदान में उतारा है। वह आरएसपी विधायक राहुल कुल की पत्नी हैं।

ग्यारहवीं सीट शिमोगा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा के गृहक्षेत्र शिमोगा के मुकाबले पर इस बार सभी की नजरें हैं। यहां दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्रों के बीच टक्कर है। येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र भारतीय जनता पार्टी से तो पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *