पुलिस अफसर कैट्रीना कैफ

0

मुंबई, 22 अप्रैल (हि स)। सोमवार को विधिवत रुप से इस बात की घोषणा कर दी गई कि रोहित शेट्टी और करण जौहर की कंपनियों द्वारा मिलकर बनाई जा रही फिल्म सूर्यवंशी में अक्षय कुमार की हीरोइन कैट्रीना कैफ ही होंगी। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने जा रही इस फिल्म में कैट्रीना कैफ के हीरोइन के तौर पर साइन किए जाने की चर्चा काफी दिनों से हो रही थी। रोहित शेट्टी की कंपनी के सूत्रों ने भी इस खबर की पुष्टि की थी, लेकिन रोहित शेट्टी ने इसे लेकर सस्पेंस बनाए रखा था। उनका कहना था कि वे सही वक्त पर बताएंगे कि फिल्म में अक्षय कुमार की हीरोइन कौन होगी। हालांकि अभी सिर्फ अधिकारिक तौर पर कैट्रीना कैफ के इस फिल्म की हीरोइन बनने की घोषणा हुई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि वे इस फिल्म में एक तेजतर्रात पुलिस अधिकारी की भूमिका में होंगी और उनको इस फिल्म में काफी एक्शन करने का मौका मिलेगा। कैट्रीना कैफ पहली बार किसी फिल्म के लिए पुलिस अधिकारी की ड्रेस पहनेंगी। अक्षय कुमार इस फिल्म में मुंबई पुलिस के आतंकवादी निरोधक दस्ते के प्रमुख की भूमिका में है और सूर्यवंशी उनके किरदार का नाम है। कैट्रीना कैफ के आने से अगले साल ईद पर होने वाला मुकाबला दिलचस्प बन गया है। कैट्रीना कैफ इस फिल्म के अगले शेड्यूल में हिस्सा लेंगी, जो गोवा में होने जा रहा है।

ईद पर जहां एक तरफ सूर्यवंशी को रिलीज करने की घोषणा की गई है, वहीं पिछले कई सालों से ईद पर अपनी फिल्में रिलीज करते आए सलमान खान ने अगले साल ईद पर संजय लीला भंसाली की फिल्म इंशा अल्लाह को रिलीज करने का फैसला किया है, जिसमें सलमान की हीरोइन आलिया भट्ट हैं। ईद पर ही बाहुबली फेम एस एस राजामौली ने अपनी बहुभाषी फिल्म आरआरआर को रिलीज करने की घोषणा की है। इस फिल्म में अजय देवगन, आलिया भट्ट, वरुण धवन और संजय दत्त जैसे बालीवुड के सितारे मेहमान भूमिकाओं में नजर आएंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *