आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने धोनी

0

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें सत्र में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को एक रन से हरा दिया। इस मैच में धोनी ने 48 गेंदों पर 84 रन की आतिशी पारी खेल कर मैच को अंतिम गेंद तक ले गए। अपनी पारी के दौरान धोनी ने पांच चौके और सात छक्के जड़े। इसी के साथ धोनी ने आईपीएल में अपने 200 छक्के पूरे भी कर लिये और यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह भारत के पहले क्रिकेटर बन गए।

धोनी से आगे क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स हैं। गेल ने आईपीएल में 323 छक्के और एबी डिविलियर्स 204 छक्के जड़ चुके हैं,जबकि धोनी के नाम 203 छक्के हैं।

उल्लेखनीय है कि धोनी के 48 गेंदों पर बनाए गए आतिशी 84 रनों के बावजूद एक बेहद ही रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को एक रन से हरा दिया। बेंगलुरु ने चेन्नई के सामने जीत के लिए 162 रनों का लक्ष्य रखा था, जवाब में चेन्नई की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी।
सांस रोक देने वाले इस रोमांचक मुकाबले में चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 26 रन चाहिए थे। धोनी ने पहली गेंद पर चौका और दूसरी और तीसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद पर धोनी ने दो रन लिया। अब दो गेंदों पर चेन्नई को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। पांचवीं गेद पर धोनी ने फिर छक्का जड़ा। आखिरी गेंद पर चेन्नई को दो रनों की जरूरत थी। धोनी ने गेंद मिस की और रन के लिए दौड़े लेकिन पार्थिव पटेल ने सटीक थ्रो पर शार्दुल ठाकुर को रन आउट कर बेंगलुरु को एक रन से जीत दिला दी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *