टाटा पावर के केंद्र में धमाका, दहला मुंबई का लालबाग क्षेत्र

0

मुंबई, 21 अप्रैल (हि.स.)। महानगर के लालबाग का इलाका रविवार को धमाके की आवाज से थर्रा उठा। धमाके के तुरंत बाद बिजली काट दी गई | हादसा सुबह करीब 10 बजकर 50 मिनट पर हुआ। टाटा पावर के केंद्र में हुए धमाका के बाद आकाश में जैसे सफेद धुएं का जाल बिछ गया । करीब डेढ़ घंटे तक लालबाग और आस-पास के इलाकों में दहशत का माहौल कायम रहा।
रविवार को अवकाश होने के कारण सभी आराम और खुशी के माहौल में थे तभी अचानक इतना जोरदार धमका हुआ जिससे लोग घबरा गए। यह ब्लास्ट लालबाग स्थित टाटा पावर के केंद्र में ङुआ था, जो आंबेवाडी के करीब है। यहां लोढ़ा ग्रुप की गृहनिर्माण परियोजना का काम चल रहा है, जो टाटा पावर केंद्र से बिल्कुल सटी हुई है। टाटा पावर के इस केंद्र से बेस्ट को भी बिजली सप्लाई दी जाती है। इसके अलावा मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन के ओवर हेड वायर को भी सप्लाई दी जाती है। इसके कुछ दूरी पर केईएम, टाटा कैंसर, कामगार, वाडिया और वेटनरी जैसे अस्पताल हैं। सर्जरी और उंची इमारतों की लिफ्ट में किसी के फंसे होने की आशंकाओं के बीच पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। लोग घरों के बाहर निकल आए और अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस घटना के बाद कई क्षेत्रों की बत्ती गुल रही।
घटना की जानकारी मिलते ही बेस्ट प्रशासन हरकत में आ गया। बेस्ट प्रवक्ता बालासाहेब जोडगे ने बताया कि वे टाटा पावर के संपर्क में हैं। यह सही बात है कि हादसे के बाद कुछ इलाकों की पावर सप्लाई रोकी गई है। टाटा पावर की ओर से कहा गया है, मरम्मत का कार्य जारी है। करीब डेढ़ घंटे बाद बिजली आपूर्ति पूर्ववत बहाल कर दी गयी। हादसे की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। जांच जारी है। दमकल विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंची। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *