हेराफेरी में एक नई हेराफेरी

0

मुंबई, 19 अप्रैल (हि स)। राजू (अक्षय कुमार), श्याम (सुनील शेट्टी) और बाबू भैया (परेश रावल) की तिकड़ी की दो सुपर हिट फिल्मों के बाद हेराफेरी की तीसरी कड़ी का मामला कई सालों से लटका हुआ है। अब तक खबर थी कि धमाल सीरिज वाले इंद्र कुमार को हेराफेरी की तीसरी कड़ी का निर्देशन सौंपा गया है, लेकिन अब खबर आ रही है कि पहली कड़ी का निर्देशन करने वाले प्रियदर्शन 19 साल बाद इस सीरिज से जुड़ने जा रही हैं और तीसरी कड़ी का निर्देशन वही करेंगे। हाल ही में इंद्र कुमार के हवाले से खबर आई थी कि टोटल धमाल के बाद वे अजय देवगन के साथ एक नई कामेडी फिल्म शुरु करने जा रहे हैं, इसलिए हेराफेरी की तीसरी कड़ी का मामला पीछे रह गया है। इस बीच हेराफेरी की सीरिज के निर्माता फिरोज नडियाडवाला ने एक बार फिर प्रियदर्शन से संपर्क किया और खबरों के मुताबिक, प्रियदर्शन तीसरी कड़ी के निर्देशन के लिए मान गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रियदर्शन के साथ हेराफेरी की लेखकों की टीम थोड़े बदलाव करेगी और सब कुछ सही रहा, तो अक्तूबर से ये फिल्म शुरु हो सकती है। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल के साथ ही दो हीरोइनों को साइन किए जाने के संकेत भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि पूरी टीम गठित होने के बाद हेराफेरी तीन की अधिकारिक रुप से घोषणा होगी। हेराफेरी की दूसरी कड़ी का निर्देशन लेखक नीरज वोहरा ने किया था। तीसरी कड़ी के निर्देशन के लिए भी सबसे पहले उनका नाम ही तय हुआ था, लेकिन नीरज वोहरा बीमार हो गए और बाद में उनका निधन हो गया। इसके बाद इंद्र कुमार का नाम इस सीरिज से जुड़ा था। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *