रांची से भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ ने लिया सभा में संकल्प, मेरा उत्तराधिकारी भाजपा का कार्यकर्ता होगा, न कि बेटा, बेटी या पत्नी

0

रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। मैं आप सभी के सामने संकल्प लेता हूं कि अगर रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद मिला, तो मेरा उत्तराधिकारी भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होगा, न कि मेरे परिवार का कोई सदस्य, संबंधी या रिश्तेदार। मेरा बेटा, बेटी या पत्नी सक्रिय राजनीति में नहीं आयेंगे। अपने परिवार से ऊपर उठकर पार्टी के कार्यकर्ताओं को वरीयता दूंगा। यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता है। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने से पहले रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह प्रण रांची लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय सेठ ने लिया।
झारखंड खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष रहे सेठ ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया तो वह यहां की 18.5 लाख लोगों की अवाज बन कर उनके हर सुख-दुख में साथ रहेंगे। हम जमीन से उठ कर यहां तक आये हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं के मन की बात अच्छी तरह समझते हैं। उनके लिए हमारा दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने लोकसभा का टिकट सिर्फ संजय सेठ को नहीं दिया है। यह सम्मान उन हजारों कार्यकर्ताओं का है जिन्होंने अपना रोजगार और व्यावसाय को छोड़कर पूरा समय भाजपा को दिया है। यह सम्मान उन हजारों कार्यकर्ताओं और व्यवसायियों को दिया है जिन्होंने अपना सब कुछ पार्टी के लिए लगा दिया है। नामांकन समारोह में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, ईचागढ़ विधायक साधु चरण महतो, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, कांके विधायक डॉ. जीतू चरण राम, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, रांची लोकसभा चुनाव प्रभारी परमा सिंह, पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय, सीमा शर्मा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह, जलेंद्र महतो समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे। सभा की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मनोज मिश्र ने की।
दौड़ना नहीं पड़ेगा, सांसद आपके द्वार होगा, हर विधानसभा क्षेत्र में होगा समाधान केंद्र
लोकसभा चुनाव के दौरान हर विभिन्न क्षेत्रों में खोले गए कार्यालयों के बारे में सेठ ने कहा कि लोकसभा चुनाव बाद भी सभी कार्यालय चलते रहेंगे। बस, उसका स्वरूप बदल जाएगा। चुनाव परिणाम आने के बाद उसे समाधान केंद्र के नाम से जाना जाएगा। भाजपा को वोट देनेवाले या नहीं देनेवाले, सभी अपनी समस्याओं को लेकर इस केंद्र में आ सकते हैं। वहीं समाधान होगा। चुनाव बाद जनप्रतिनिधियों के अक्सर क्षेत्र में नहीं होने की शिकायत पर सेठ ने कहा कि सप्ताह में एक-एक दिन हर विधानसभा क्षेत्र के समाधान केंद्र में बैठूंगा। आप आइए। अपनी समस्या बताइये और उसका निराकरण उसी समाधान केंद्र से होगा। सांसद को खोजना नहीं पड़ेगा। आपको दौड़ना नहीं पड़ेगा। सांसद खुद आपके द्वार पर मौजूद होगा। यह मेरा वादा है।
चुनाव राष्ट्रवाद बनाम भारत तेरे टुकड़े होंगे गैंग समर्थक शक्तियों के बीच
संजय सेठ ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव राष्ट्रवाद बनाम विघटनकारी तत्वों के बीच है। भाजपा राष्ट्रवाद के पक्ष में है, जबकि कांग्रेस विघटनकारी तत्वों के साथ। भारत तेरे टुकड़े होंगे और हर घर से अफजल निकलेगा, कहनेवालों के साथ कांग्रेस खड़ी है। ऐसे में लोगों को फैसला लेना है कि अपना देश कैसे सुरक्षित रहेगा। सेठ ने दावा किया कि इस चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।
विकास देख मोदी को वोट देगी झारखंड की जनता, ले चुकी है इस बार 400 पार का संकल्प
सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यो से प्रभावित होकर झारखंड की सवा 3 करोड़ जनता उन्हें फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। यहां के लोग किसी प्रत्याशी को नहीं, बल्कि मोदी सरकार द्वारा बनायी गई चमचमाती सड़कों, गरीबों को दिये गये गैस सिलेंडर, चिकित्सा के लिए शुरू की गई आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को दिये गए घर सहित अन्य विकास कार्यों पर वोट देगी और राज्य की सभी 14 सीटों पर कमल खिलायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी ने जितने कार्य साढ़े चार साल में किये, कांग्रेस 55 साल में भी नहीं कर सकी। फिर भी झूठ के सहारे मोदी को सत्ता से हटाना चाहती है, लेकिन इस बार 400 पार का संकल्प जनता ले चुकी है। मोदी झारखंड की जनता के दिल में जगह बना चुके हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *