भाजपा ने गोरखपुर से रवि किशन को बनाया उम्मीदवार, ‘जूता कांड’ के नायक शरद का पत्ता कटा

0

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। हाल ही में अपने ही दल के विधायक पर जूते बरसाकर सुर्खियों में आए उत्तर प्रदेश की संतकबीर नगर लोकसभा सीट से सांसद शरद त्रिपाठी को सजा देते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने उनका टिकट काटकर इस सीट पर प्रवीण निषाद को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि पार्टी ने शरद त्रिपाठी के पिता और उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी को देवरिया लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं गोरखपुर लोकसभा सीट से भोजपुरी सिनेमा के चर्चित कलाकार रवि किशन को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा ने सोमवार को उम्मीदवारों की 21वीं सूची जारी की। इस सूची ्टी ने उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की सात लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।
प्रदेश की अति महत्वपूर्ण सीटों में शुमार गोरखपुर लोकसभा सीट से इस बार भाजपा ने भोजपुरी कलाकार रवि किशन को उम्मीदवार बनाया है। 2014 में इस सीट से योगी आदित्यनाथ ने जीत दर्ज की थी। इस सीट पर गोरक्षनाथ पीठ का लंबे समय से कब्जा रहा है। 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद संपन्न उपचुनाव में यह सीट भाजपा और गोरखनाथ पीठ के प्रभाव से निकलकर समाजवादी पार्टी(सपा) के खाते में चली गई। इस सीट से समाजवादी पार्टी के प्रवीण निषाद ने भाजपा के उपेन्द्र दत्त शुक्ल को हराकर जीत दर्ज की था। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में सपा औऱ बहुजन समाज पार्टी(बसपा) गठजोड़ की शुरुआत हुई। हालांकि, हाल ही में प्रवीण निषाद ने सपा को अलविदा कह भाजपा का दामन थाम लिया है। चर्चा थी कि इस चुनाव में गोरखपुर सीट से भाजपा प्रवीण निषाद को टिकट देगी लेकिन पार्टी ने सारी अटकलों को धता बताकर रवि किशन पर दांव लगाया है।
प्रवीण निषाद को संतकबीर नगर लोकसभा सीट से बतौर उम्मीदवार मैदान में उतारा है। वर्ष 2014 में इस सीट से शरद त्रिपाठी ने जीत दर्ज की थी किंतु हाल ही में उन्होंने एक बैठक के दौरान अपने ही पार्टी के विधायक राकेश सिंह बघेल की जूतों से पिटाई की थी, जिसके बाद उनके टिकट कटने की चर्चा जोरों पर थी। हालांकि, ब्राह्मण मतों की नाराजगी से बचने के लिए पार्टी ने शरद का टिकट काटकर उनके पिता रमापतिराम त्रिपाठी को देवरिया लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। 2014 में इस सीट से कलराज मिश्र ने जीत हासिल की थी। मिश्र ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह 2019 का आम चुनाव नहीं लड़ेंगे और संगठन द्वारा सौंपे दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
साथ ही पार्टी ने आंबेडकर नगर से मुकुट बिहारी, जौनपुर से केपी सिंह, प्रतापगढ़ से संगम लाल गुप्ता और भदोही से रमेश बिंद को उम्मीवार बनाया है। भदोही से 2014 में भाजपा के वीरेन्द्र सिंह मस्त विजयी हुए थे। इस बार मस्त को पार्टी ने बलिया से उम्मीदवार घोषित किया है। इसके साथ भाजपा ने अब तक 421 उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *