‘आप’ ने कांग्रेस को फिर दिया तीन राज्यों में गठबंधन का प्रस्ताव

0

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा में दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) से गठबंधन कर चुकी आम आदमी पार्टी(आप) ने एक बार फिर कांग्रेस के सामने गठबंधन का प्रस्ताव रखा है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस नेतृत्व केवल दिल्ली में ही हमारा सहयोग मांग रहा है, जबकि हम दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ की 18 सीटों पर आज भी उनसे गठबंधन करना चाहते हैं।
मनीष सिसोदिया ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद भाजपा को सत्ता में आने से रोकना है। इसके लिए पार्टी वैचारिक मतभेद के बावजूद कांग्रेस या अन्य राजनीतिक पार्टियों से गठबंधन को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस को तय करना है कि भाजपा को हराना है या कितने सीटों पर लड़कर चुनाव हारना है। साथ ही उन्होंने यह साफ किया कि केवल दिल्ली में गठबंधन करने का कोई मतलब नहीं है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी अपने दम पर भाजपा को हराने में सक्षम है।
सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म ही कांग्रेस सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ हुआ था लेकिन भाजपा के शासन में देश की राजनीतिक हालात ठीक नहीं है। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी भाजपा विरोधी पार्टियों के साथ आने को तैयार है। उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी(जेजेपी) के हरियाणा के दस सीटों के लिए गठबंधन हुआ है। यहां ‘आप’ तीन सीट पर जबकि जेजेपी सात सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *