मुंबई, 11 अप्रैल (हि स)। बालीवुड के दिग्गज सितारों का टेलीविजन की तरफ जाना आम प्रचलन हो चुका है। करीना कपूर भी अब पहली बार टेलीविजन की दुनिया का रुख करने जा रही हैं। ये चर्चा करने वालों का कहना है कि करीना कपूर नच बलिए के नए सीजन के जजों में से एक हो सकती हैं। इस डांसिंग शो का नौवां सीजन जल्दी शुरु होने जा रहा है। इस साल जहां इस शो के जज के तौर पर करीना कपूर के नाम की चर्चा है, तो दिलचस्प बात ये है कि पिछले साल शाहिद कपूर इस शो के जजों में से थे। सूत्रों के अनुसार, नई फिल्मों की शूटिंग में बिजी होने के कारण शाहिद ने इस साल नच बलिए से जुड़ने से मना कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि शो को लेकर चैनल की टीम करीना कपूर के साथ संपर्क में है और इस मामले में जल्दी ही सब कुछ तय हो जाएगा। करीना इन दिनों अक्षय कुमार के साथ करण जौहर की कंपनी की फिल्म गुड न्यूज में काम कर रही हैं, जिसमें उन दोनों के अलावा दलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी भी हैं। इसके अलावा करण जौहर के निर्देशन में शुरु होने वाली मल्टी स्टारर फिल्म तख्त में भी करीना कपूर का नाम है। तख्त की टीम में करीना के अलावा रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, विकी कौशल, जाह्न्वी कपूर और अनिल कपूर हैं। ये फिल्म अगले मई से शुरु हो सकती है। करण जौहर की कंपनी की इन दो फिल्मों के अलावा करीना कपूर को इरफान की वापसी वाली फिल्म इंग्लिश मीडियम के लिए साइन किया गया है। इस फिल्म में वे पहली बार तेजतर्रार महिला पुलिस अधिकारी की भूमिका करेंगी और इरफान के साथ उनको परदे पर आने का पहला मौका मिल रहा है। ये फिल्म इरफान की पिछली फिल्म हिंदी मीडियम के सिक्वल के तौर पर बनाई जा रही है। इस फिल्म की शूटिंग हाल ही में राजस्थान के उदयपुर में शुरु हुई और अगला शेड्यूल लंदन में मई में होगा, जहां करीना भी इरफान के साथ शूटिंग में हिस्सा लेंगी। विशाल भारद्वाज की फिल्म पटाखा से फिल्मी परदे पर आईं टीवी एक्ट्रेस राधिका मदान भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *