अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने जारी की ब्लैक होल की पहली तस्वीर

0

पेरिस/नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने मिस्ट्री बने ब्लैक की पहली तस्वीर बुधवार को जारी की। तस्वीर में ब्लैक होल से गैस और प्लाजमा का नांरगी रंग का प्रकाश निकलता दिख रहा है। यह ब्लैक होल आकाशगंगा एम87 में 53.5 मिलियन प्रकाश-वर्ष दूर है।
अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने ब्रसल्ज, शंघाई, टोक्यो, वॉशिंगटन, सैंटियागो और ताइपे में एक साथ प्रेस वार्ता करके यह तस्वीर जारी की। वैज्ञानिकों के अनुसार दुनिया भर में स्थित छह दूरबीनों के डेटा का उपयोग करते हुए, ईवेंट होरिजन टेलिस्कोप (ईएचटी) की मदद से यह तस्वीर निकाली गई है। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का मानना है कि इससे ब्रह्मांड के रहस्यों को समझने के तरीकों में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।
उल्लेखनीय है कि ब्लैक होल का गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र काफी शक्तिशाली होता है। गुरुत्वाकर्षण इतना तेज होता है कि इसके खिंचाव से कुछ नहीं बच सकता। ब्लैक होल के चारों ओर एक सीमा होती है। उस सीमा को घटना क्षितिज कहा जाता है। उसमें वस्तुएं गिर तो सकती हैं लेकिन वापस नहीं आ सकती। ब्लैक होल अपने ऊपर पड़ने वाले सारे प्रकाश को अवशोषित कर लेता है और उसके बदले में कुछ भी परावर्तित नहीं करता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *