विदेशों से रकम भेजने में भारतीय अव्वल
वाशिंगटन/ नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। विदेशों से अपने देश धन भेजने के मामले में भारतीय दुनिया भर में अव्वल रहे हैं। भारतीय प्रवासियों ने साल 2018 में करीब पांच लाख पचास हजार करोड़ रुपये (79 अरब डॉलर) भारत भेजे। यह जानकारी विश्व बैंक ने मंगलवार को दी।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के बाद इस मामले में दुनिया में दूसरा स्थान चीन का है जहां के प्रवासियों ने 67 अरब डॉलर की रकम अपने देश भेजी। इसके बाद मेक्सिको (36 अरब डॉलर), फिलीपींस (34 अरब डॉलर) और मिस्र (29 अरब डॉलर) का स्थान है।
उल्लेखनीय है कि विगत तीन साल में भारत में प्रवासियों से आए धन (रेमिटेंस) की मात्रा काफी अच्छी रही है। साल में 2016 में भारतीयों ने 62.7 अरब डॉलर और साल 2017 में 65.3 अरब डॉलर की रकम भेजी।
विश्व बैंक के मुताबिक, भारत में साल 2018 में आने वाले रेमिटेंस में 14 फीसदी की बढ़त हुई है। इसकी वजह केरल में आने वाली विनाशकारी बाढ़ में मदद के लिए प्रवासियों की ओर से परिवार को भेजी गई मदद भी हो सकती है।
उधर, पाकिस्तान में प्रवासियों से आई रकम में केवल 7 फीसदी की बढ़त हुई है, क्योंकि उसके सबसे बड़े स्रोत सऊदी अरब से आने वाले धन में कमी हुई है। बांग्लादेश में भी प्रवासियों द्वारा भेजे जाने वाले धन में साल 2018 में 15 प्रतिशत की रिकार्ड वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, कम और मध्यम आय वाले देशों में साल 2018 में आने वाला रेमिटेंस रिकॉर्ड ऊंचाई 529 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। यह साल 2017 के 483 अरब डॉलर के मुकाबले 9.6 प्रतिशत अधिक है।