सरकार बनने पर महिला मुखिया के खाते में आएगा 72 हजार : प्रियंका

0

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने महिलाओं से किया संवाद
फतेहपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को फतेहपुर सीट से उम्मीदवार राकेश सचान के पक्ष में प्रचार करने पहुंची। औंग गांव के एक गेस्ट हाउस में महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार को चलाने के लिए कई तरह की यातनाएं झेलती हैं। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही न्याय योजना के तहत हर गरीब परिवार को 72 हजार रुपये सालाना दिया जाएगा। यह धनराशि महिला मुखिया के खाते में सीधे भेजी जाएगी।
संवाद के दौरान जानी महिलाओं की समस्या

प्रियंका गांधी ने संवाद के दौरान महिलाओं से उनकी समस्याएं भी जानी। आंगनबाड़ी की महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि हमें कुपोषण मिटाने के लिए नियुक्त किया गया था लेकिन भाजपा के शासन में मानदेय न मिलने से हम खुद कुपोषित हो गए हैं। इस दौरान कृषक महिलाओं ने भी अपनी आवाज बुलंद की। महिलाओं ने कहा कि आवारा पशुओं की वजह से उनकी फसलें नष्ट हो रही हैं। दिन रात निगरानी के बावजूद समस्या का हल नहीं निकल पा रहा। इस पर प्रियंका ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार बनती है तो आवारा पशुओं के नियंत्रण के लिए भी एक कारगर योजना बनाई जाएगी।
महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 33 फीसदी आरक्षण देगी। हमारी सरकार आई तो प्राथमिकता के तौर पर महिला आरक्षण बिल संसद में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की रसोई महंगी हो गई है और किसानों की फसल की लागत बढ़ गई है। इसके बावजूद भाजपा सरकार कह रही है कि हमने पांच साल में देश के गरीबों के लिए बहुत कुछ किया है।
भाजपा पर साधा निशाना

संवाद के दौरान प्रियंका गांधी भाजपा पर निशाना साधने से भी पीछे नहीं रहीं। अमेठी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में राजीव गांधी ने महिलाओं की आर्थिक दशा को सुधारने के लिए महिलाओं का एक समूह बनाया था। इस समूह में दस लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हैं लेकिन भाजपा सरकार को यह रास नहीं आई।
चुनावी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल ने दो साल के अथक प्रयास से आम लोगों की राय लेकर यह घोषणा पत्र तैयार किया है। भाजपा कांग्रेस के घोषण पत्र से घबराई हुई है और इसे झूठ का पुलिंदा बता रही है। कांग्रेस जो वादा करती है उसे पूरा भी करती है।
प्रियंका ने अपने वाराणसी दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां की ग्रामीण जनता से पूछने पर पता चला कि पांच साल में प्रधानमंत्री उनके गांव में कभी नहीं आए। वे सिर्फ भाषण देकर चले जाते हैं, गांव के लोगों की समस्याए नहीं सुनते।
भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने नोटबंदी के दौरान कहा था कि नोटबंदी से काला धन वापस आएगा और हर भारतीय के खाते में पन्द्रह लाख भेजा जाएगा। सरकार बनने के बाद किसी के खाते में एक पैसा नहीं आया। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पूंजीपतियों की जगह देश के किसानों का कर्ज माफ होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *