नए साल में समस्याओं का हल तलाशना जारी रखेगा संयुक्त राष्ट्र : गुतरेस

0

संयुक्त राष्ट्र, 30 दिसंबर (हि.स.)। नए साल में संयुक्त राष्ट्र दूरियों को पाटने और समस्याओं का हल तलाशने के लिए लोगों को एक साथ लाने की कोशिश जारी रखेगा। महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने रविवार को ये बातें कहीं।

गुतारेस ने नववर्ष के अपने संदेश में विश्व निकाय के समक्ष जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और बढ़ती असहिष्णुता समेत कुछ शीर्ष चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल मैंने जिन खतरों का जिक्र किया था, वे अब भी बने हुए हैं। यह कई लोगों के लिए चिंता का समय है और दुनिया तनाव के दौर से गुजर रही है। जलवायु परिवर्तन तो हमसे तेज दौड़ रहा है।’’

महासचिव ने कहा कि भू-राजनीतिक विभाजन की समस्या गहरा रही है जिससे संघर्ष का हल निकालना और मुश्किल हो गया है। रिकॉर्ड संख्या में लोग सुरक्षा की तलाश में भटक रहे हैं।

उन्होंने कहा कि असमानता बढ़ रही है। लोग ऐसी दुनिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं जिसमें कुछ लोगों ने आधी मानवजाति जितनी संपत्ति पर कब्जा कर रखा है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि असहिष्णुता बढ़ रही है। विश्वास कम हो रहा है, लेकिन उम्मीद की भी कुछ वजह हैं। यमन वार्ता ने शांति का मौका दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *