विहिप नेता चंपतराय पहुंचे अयोध्या, मंदिर आन्दोलन से जुड़े संतों से करेंगे मुलाकात

0

लखनऊ, 07 सितम्बर (हि.स.)। अयोध्या में शुक्रवार और शनिवार लगातार दो दिन तक विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े नेताओं और पदाधिकारियों का जमावड़ा रहेगा। विश्व हिन्दू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, विहिप के संरक्षक दिनेश चन्द्र और प्रान्त संगठन मंत्री भोलेन्द्र अयोध्या पहुंच चुके हैं।
विहिप व संघ के पदाधिकारी कारसेवक पुरम के प्रभारी रहे अवस्थी की तेरहवीं व भंडारे में पहुंच रहे हैं। अभी हाल ही में डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के अयोध्या दौरे के दौरन कई संतों के साथ उनकी बैठक हुई थी। इसके बाद विहिप खेमे में खलबली मच गयी थी।
शुक्रवार को सुबह से ही विहिप के अन्तर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय और विहिप संरक्षक दिनेश चन्द्र ने कई प्रमुख मंदिरों के महंतों से भेंट की। विहिप नेता चंपतराय ने शुक्रवार को सबसे पहले लक्ष्मण किला मंदिर के महंत सिया किशोरी शरण जी महाराज से आशीर्वाद लिया। वह लोग छोटी छावनी और दिगम्बर अखाड़ा भी गये।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया भी अयोध्या आगमन के बाद सबसे पहले महंत सिया किशोरी शरण जी से ही मिलने गये थे। महंत सिया किशोरी शरण महाराज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण उच्चाधिकार समिति और विश्व हिन्दू परिषद की केन्द्रीय कमेटी के वरिष्ठ सदस्य भी हैं। वह आरएसएस के प्रचारक भी रहे हैं। अयोध्या में विश्व हिन्दू परिषद और राम मंदिर आन्दोलन से जुड़े संतों में महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के बाद उनका नंबर आता है। वह श्रीराम मंदिर आन्दोलन से लम्बे समय से जुड़े हैं। तोगड़िया के उनके साथ मीटिंग करने के बाद विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों में खलबली मच गयी थी।
जानकारी के मुताबिक, आरएसएस प्रचारक और कारसेवक पुरम के प्रभारी प्रकाश अवस्थी का कुछ दिनों पूर्व निधन हो गया था। शुक्रवार को कारसेवक पुरम में उनकी तेरहवीं है। रविवार को भण्डारे का आयोजन किया गया है। भण्डारे में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल भी जायेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *