यूनाइटेड यूथ फ्रंट के बैनर तले मोदी सरकार को घेरेगी विपक्षी दलों की युवा इकाई

0

नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। देश के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार को घेरने के लिए विपक्षी दलों की युवा इकाई ने एक यूनाइटेड यूथ फ्रंट का गठन किया है। इसके तहत कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) पार्टी सहित कुल लगभग 13 विपक्षी दलों की युवा इकाइयां शामिल हैं।
मंगलवार को इन संगठनों की हुई बैठक में यह फैसला किया कि ‘बेरोज़गारी, आर्थिक भ्रष्टाचार, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी और सामाजिक सद्भाव को खराब करने वाले माहौल’ के खिलाफ आने वाले दिनों में ‘राष्ट्रव्यापी आंदोलन’ शुरू किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस, सपा, एनसीपी, फारवर्ड ब्लाक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) आदि की युवा इकाइयों के अध्यक्ष शामिल थे।
बाद में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष केशवचंद यादव ने कहा, ‘आज देश और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, उस पर भी चर्चा हुई।’ उन्होंने कहा कि बैठक में यह फैसला किया गया कि बेरोज़गारी, आर्थिक भ्रष्टाचार, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और सद्भावना के माहौल को खराब किए जाने के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा जो राष्ट्रव्यापी होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस महीने के आखिर में दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें सभी संगठनों के लोग शामिल होंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *